बोकारो : विभावि की ओर से आयोजित स्नातक के पांचवें सेमेस्टर की गुरुवार की परीक्षा बोकारो, धनबाद व गिरिडीह के सभी परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों के विरोध के बाद रद्द कर दी गयी. गुरुवार को इतिहास डीएसइ वन की परीक्षा थी, लेकिन परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र डीएसइ दो का दे दिया गया. जबकि डीएसइ दो की परीक्षा 25 अप्रैल को होने वाली थी. गलत प्रश्न पत्र मिलने पर थोड़ी देर बाद ही सभी विद्यार्थी कक्षाओं से बाहर आ गये और शोर-शराबा शुरू कर दिया.
बोकारो स्टील कॉलेज सहित अन्य कॉलेजों में विद्यार्थियों ने नारेबाजी शुरू कर दी. आनन-फानन में मामले की सूचना विश्व विद्यालय को भेजी गयी. इसके बाद गुरुवार की परीक्षा रद्द कर दी गयी. विवि प्रबंधन के अनुसार रद्द परीक्षा की तिथि की घोषणा जल्द की जायेगी.
