बोकारो : पुलिस ने बुधवार को समाहरणालय में आत्मदाह का प्रयास करने वाले योधाडीह मोड़ के प्रतापपुर निवासी इमामुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने इमामुद्दीन अंसारी के विरुद्ध सिटी थाना में लिखित शिकायत की है. जानकारी के मुताबिक इमामुद्दीन जिला समाहरणालय में स्थित डीडीसी रवि रंजन मिश्रा के कार्यालय में मशाल आदि लेकर घुस गया. प्रशासन ने पूर्व से वहां दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया था. मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उसे पकड़ लिया.
पुलिस ने उसकी अल्टो कार को भी जब्त कर लिया. बताते चले कि इमामुद्दीन अपने को आरटीआई एक्टिविस्ट बताता है. उसने चंदनकियारी बीडीओ पर करोड़ों रुपये गबन करने, मुखियाओं पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है व जांच करने की मांग कर रहा है. कुछ मामलों में जांच भी चल रही है.
