बीएसएल के इंजीनियर संवारेंगे गरीब मेधावी छात्रों का कॅरिअर
बोकारो : बोकारो स्टील प्लांट के इंजीनियर गरीब मेधावी विद्यार्थियों का कॅरिअर संवारेंगे. इंजीनियरों ने इस अभियान का नाम दिया है ‘लक्ष्य (एक संकल्प)’. इसके तहत बीएसएल के इंजीनियर ड्यूटी समाप्त होने के बाद शाम में प्रतिदिन छह बजे से लेकर आठ बजे तक विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करायेंगे. इसके तहत गरीब मेधावी विद्यार्थियों […]
बोकारो : बोकारो स्टील प्लांट के इंजीनियर गरीब मेधावी विद्यार्थियों का कॅरिअर संवारेंगे. इंजीनियरों ने इस अभियान का नाम दिया है ‘लक्ष्य (एक संकल्प)’. इसके तहत बीएसएल के इंजीनियर ड्यूटी समाप्त होने के बाद शाम में प्रतिदिन छह बजे से लेकर आठ बजे तक विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करायेंगे. इसके तहत गरीब मेधावी विद्यार्थियों को एसएसी, रेलवे, बैंक सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी नि:शुल्क करायी जायेगी.
इसमें आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी बच्चों का एडमिशन नि:शुल्क होगा. साथ ही बच्चों को किताब, कॉपी सहित अन्य पठन-पाठन की सामग्री नि:शुल्क दी जायेगी. 10वीं तक के निर्धन बच्चों को भी नि:शुल्क कोचिंग करायी जायेगी. इसकी शुरुआत रविवार को सेक्टर-12 में हुई.
दो वर्ष से अधिक समय से 10वीं बोर्ड की नि:शुल्क तैयारी : ‘लक्ष्य (एक संकल्प)’ के संयोजक बीएसएल इंजीनियर दिलीप कुमार व उनकी पत्नी अनुषा कुमारी सेक्टर-12 स्थित बिरसा मुंडा नि:शुल्क विद्यालय में 10वीं तक के बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाते हैं. ‘लक्ष्य (एक संकल्प)’ के तहत रेलवे, एसएससी, बैंकिंग, पॉलीटेक्निक आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सेक्टर-12 ए/1181 में करायी जायेगी. यह आवास दिलीप कुमार का ही है. नि:शुल्क कोचिंग के लिए श्री कुमार ने स्वयं के खर्च पर बेंच-डेस्क -बोर्ड आदि की व्यवस्था की है. आवास में श्री कुमार व उनकी पत्नी गरीब मेधावी बच्चों को दो वर्ष से अधिक समय से 10वीं बोर्ड की तैयारी करा रहे हैं. अब इसका विस्तार करते हुए गरीब मेधावी बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करायी जायेगी.
बुक बैंक में होगी सभी तरह की कंपीटीशन की किताब : दिलीप कुमार ने बताया : बच्चों को सभी तरह की कंपीटीशन की किताब यहां मिलेगी. इसके लिए ‘बुक बैंक’ बनाया जायेगा. बुक बैंक को बनाने का खर्च बीएसएल इंजीनियर सुनील कुमार, राजीव रंजव व बीपीएस राणा वहन करेंगे. साथ ही उक्त तीनों इंजीनियर ‘लक्ष्य (एक संकल्प)’ में गेस्ट फैकेल्टी भी होंगे. ये रविवार व छुट्टी के दिन स्पेशल क्लास लेंगे. इसके अलावा दिलीप कुमार व जितेंद्र कुमार सामान्य ज्ञान, सुनील रैना गणित, जीएल मीना रिजनिंग, अनु बिरूली सामान्य ज्ञान, लीलु सोरेन अंगरेजी व कंप्यूटर की क्लास लेंगे. दिलीप कुमार ने बताया : ‘लक्ष्य (एक संकल्प)’ सिर्फ उन बच्चों के लिए हैं, जो मेधावी हैं और अर्थाभाव में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं.
बीएसएल के ये इंजीनियर होंगे गेस्ट फैकल्टी व फैकल्टी
राजीव रंजन-बीइ इलेक्ट्रिकल-एनआइटी-राउरकेला (सीनियर मैनेजर-मैटेरियल मैनेजमेंट-बीएसएल), सुनील कुमार-बीटेक-मैन्युफैक्चरिंग (मैनेजर-प्रोजेक्ट, बीएसएल), बीपीएस राणा-बीटेक, आइआइटी-गुवहाटी (अस्सिटेंट मैनेजर-इएमडी-बीएसएल), दिलीप कुमार-एमएससी, बीएड-पटना यूनिवर्सिटी (केमिस्ट-आरसीएल), जीएल महना-डिप्लोमा इन इलेक्ट्रीकल (ओसीटी, एसएमएस-1-बीएसएल), अनु बिरली-डिप्लोमा इन मेट्रोलॉजी (ओसीटी-एचआरसीएफ), सुनील कुमार रैना-डिप्लोमा इन मैकेनिकल (ओसीटी-इएमडी, बीएसएल), लीलू सोरेन-डिप्लोमा इन मेट्रोलॉॅजी (ओसीटी-बीएसएल) व जितेंद्र कुमार-डिप्लोमा इन इलेक्ट्रीकल (ओसीटी-ब्लास्ट फर्नेस).