गोमिया : गोमिया प्रखंड अंतर्गत तुलबूल पंचायत के आदिवासी आश्रम आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण भाजपा नेता देवनारायण प्रजापति ने बुधवार को किया. शिक्षण व्यवस्था और बच्चों को दिये जाने वाले भोजन सहित अन्य समस्याओं की जानकारी ली. जांच के दौरान भंडार गृह में खाद्य पदार्थ के साथ पांच बोरी महुआ मिला. पता चला कि एचएम ने विद्यार्थियों से चुनवा कर यह महुआ रखा है. श्री प्रजापति ने इसकी सूचना बेरमो एसडीएम को दी.
एसडीएम के निर्देश पर गोमिया सीओ यशवंत नायक पहुंचे और महुआ जब्त कर लिया. सीओ ने विद्यार्थियों से समस्याओं की जानकारी भी ली. विद्यार्थियों ने मेनू के अनुसार खाना नहीं मिलने तथा भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं रहने की शिकायत की. सीओ ने इस बाबत सक्षम पदाधिकारी से पत्राचार कर कमेटी में स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता को रखने की बात कही. मौके पर सीआइ सुरेश कुमार वर्णवाल, परमानंद प्रजापति, योगेंद्र प्रसाद, तारमेश्वर प्रजापति, कार्तिक महतो, रामचंद्र प्रजापति, बिहारी प्रजापति, विनय कुमार आदि उपस्थित थे.
हॉस्टल में चल रहा स्कूल : आदिवासी आवासीय विद्यालय का संचालन कल्याण विभाग द्वारा एनजीओ विद्या विकास समिति के देख-रेख में किया जा रहा है. विद्यालय में कुल 80 सीट है. अभी 40 विद्यार्थी ही अध्ययनरत हैं. विद्यालय का नया भवन बनकर तैयार है, पर विभाग द्वारा विद्यालय को सौंपा नहीं गया है. इसके कारण हॉस्टल में ही विद्यालय का संचालन हो रहा है.
