बोकारो/ जैनामोड़ : श्रम नियोजन मंत्री राज पालिवार की गाड़ी को स्कॉट कर रही पीसीआर वैन जैनामोड़ थाना क्षेत्र के बांधडीह गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इसमें जरीडीह थाना के दारोगा उमेश कुमार सिंह व वैन चालक सह सैप जवान प्रमोद कुमार की मौत हो गयी. जरीडीह थाना के सैप जवान जगरूप सिंह व अयोध्या प्रसाद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना मंगलवार दिन के ढाई बजे की है़ उमेश सिंह मूल रूप से बख्तियारपुर के रूपस महाजी गांव के रहनेवाले थे़
श्री सिंह का पूरा परिवार फिलहाल हजारीबाग में किराये के मकान में रह रहा है़ उनकी बेटी की शादी 18 अप्रैल को होनेवाली थी़ दो साल बाद वह रिटायर्ड भी होनेवाले थे. वहीं सैप के जवान प्रमोद कुमार मुंगेर के रहनेवाले थे़
बाइक सवार को बचाने में हुई दुर्घटना
घायल जवान जगरूप सिंह ने बताया कि मंत्री का काफिला फुसरो से पेटरवार की ओर जा रहा था़ जैनामोड़ के समीप हम लोग पीसीआर वैन में बैठ कर उनके आने का इंतजार कर रहे थे़ उनके आने के बाद पीसीआर वैन का चालक तेज गति से मंत्री के काफिला के पीछे चलने लगा़ पीसीआर वैन लगभग 100 किमी प्रति घंटा के रफ्तार से चल रहा था.
कुछ वाहनों को ओवरटेक करने के दौरान अचानक बीच सड़क पर बाइक सवार आ गया़ उसे बचाने के चक्कर में पीसीआर वैन डिवाइडर पर चढ़ कर पलट गयी. वैन करीब सौ मीटर दूर तक घसीटती चली गयी. अगली सीट पर बैठे दारोगा उमेश सिंह व चालक प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये. बीजीएच में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी़
और नहीं रूके मंत्री पालिवार
पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश सहायक महामंत्री परमेश्वर प्रसाद महतो ने कहा कि मंत्री ने मानवता को शर्मसार किया है़ मंत्री को वहां रूक कर घायलों की मदद करनी चाहिए थी, लेकिन वह काफिला लेकर चले गये़
एक पीसीआर वैन जैना मोड़ के पास दुर्घटनागस्त हो जाने की सूचना है. वह गाड़ी में मेरे स्कॉट में थी या नहीं, यह जानकारी नहीं थी. वैसे मेरे सामने दुर्घटना होती तो मानवता के नाते जरूर रुकते. ऐसा हो नहीं सकता है कि दुर्घटना देख कर हम गुजर जाते. मेरी गाड़ी अकेली चल रही थी.
राज पालिवार, श्रम मंत्री, झारखंड सरकार
