चंद्रपुरा : चंद्रपुरा स्थित दामोदर नदी में डीवीसी द्वारा बनाये गये वियर (बांध) के पास शुक्रवार को एक युवक डुब गया. डूबा युवक 18 वर्षीय अर्पित बेक उर्फ बेंजामिन है, जो सीआईएसएफ जवान पीयूष बेक का पुत्र बताया जा रहा है. वह दोपहर में अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था. घटना दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे की है. घटनास्थल बोकारो साईट की है जो हरला थाना क्षेत्र में पड़ता है. डूबे युवक को निकालने का प्रयास देर शाम तक शुरू नहीं हो पाया था.
डीवीसी प्रबंधन की ओर से खुद एचओपी जीके चंदा व उपमुख्य अभियंता एके झा व डीपी नागेलिया मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. लेकिन देर शाम तक घटनास्थल पर कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचे. डीवीसी सीआईएसएफ के डीसी पी विनोद सहित कई इंस्पेक्टर घटनास्थल पर जरूर है मगर कुछ भी करने में असमर्थ हैं.
गोताखोर को बुलाने की कोशिश हो रही है. मृतक पश्चिमपल्ली में अपने परिवार के साथ रहता था उसके पिता की पोस्टिंग भिलाई में है. पूर्व में वे चंद्रपुरा में कार्यरत थे. चंद्रपुरा थाना प्रभारी पीसी देवगम घटना की सूचना मिलने के बाद नदी में पहुंचें है.
अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था अर्पित
अर्पित के साथ नहाने गये उसके छोटे भाई निखिल ने बताया कि 10-12 दोस्त नहाने गये थे. भईया के साथ 8 दोस्त थे जबकि हम चार दोस्त थे. छोटा होने के कारण हमलोग नदी के नीचे हिस्से में नहा रहे थे, जबकि बड़े भईया लोग उपर जमा पानी में नहाने गये थे. दूसरे किनारे में बने दिवाल रूपी प्लेटफार्म पर खड़े होकर वे उपर से छलांग लगाकर नहा रहे थे.
नहाने के क्रम में ही एक बार जैसे ही भैया ने छलांग लगायी वे पानी में गये और एक बार उपर निकलने के बाद पानी में ही रह गये. काफी देर इंतजार करने के बाद भी वे नदी से उपर नहीं आये.
