व आजसू नेता अजय सिंह ने किया सरेंडर
प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में किया आत्मसर्मपण
आर्म्स एक्ट मामले में अजय की पत्नी एंजेला सिंह की हो चुकी है गिरफ्तारी
बोकारो : सुनील हत्याकांड व आर्म्स एक्ट के तीन मामले के मुख्य अभियुक्त आजसू नेता सह पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी अजय सिंह ने शनिवार को हरला थाना कांड संख्या- 31/18 में न्यायालय में आत्मसर्मपण कर दिया़ अजय ने दोपहर 12 बजे प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी निर्मला बारला की अदालत में आत्मसर्मपण किया़ अजय के साथ उनके अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह भी थे़ दंडाधिकारी ने अजय को हिरासत में लेकर थोड़ी ही देर में कोर्ट हाजत भेज दिया़ अधिवक्ता राजीव सिंह ने बताया कि अजय अपने दो अन्य साथियों को साथ लेकर बार परिसर स्थित उनके टेबल पर साढ़े ग्यारह बजे आये थे़ 15 मिनट के अंदर सारी कागजी प्रक्रिया पूरी कर अजय को कोर्ट में आत्मसर्मपण करा दिया गया़
गौरतलब है कि आर्म्स एक्ट मामले में अजय की पत्नी एंजेला सिंह की गिरफ्तारी हो चुकी है. बोकारो के लिए यह मामला दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का होने के कारण काफी चर्चित है़ एंजेला सिंह भी अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सह कोच है़ं पत्नी के चरित्र पर शंका कर अजय सिंह ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था.
कोर्ट में अजय को नहीं पहचान पायी पुलिस
अजय जब आत्मसमर्पण करने आया, उस वक्त कई पुलिस अधिकारी कोर्ट परिसर में घूमते दिखे, लेकिन किसी ने अजय को नहीं पहचाना. कोर्ट में सरेंडर करने के दौरान अजय अपना चेहरा छुपाने के लिए बड़ा काला चश्मा लगाये हुए था़ दूसरी ओर पुलिस को भी इस बात की सूचना थी कि अजय कोर्ट में सरेंडर कर सकता है़ इस कारण पुलिस सादे लिबास में अजय को गिरफ्तार करने के लिए कोर्ट परिसर में तैनात थी. अजय के सरेंडर की सूचना पाकर हरला थाना पुलिस अब उसे रिमांड में लेने की तैयारी में जुट गयी है़ अजय को रिमांड में लेकर पुलिस हथियार के संबंध में पूछताछ करेगी.
