वेलेंटाइन डे. कहीं खुल कर, कहीं चुपके-चुपके किया गया प्यार का इजहार
दिल की बातें धड़कन जाने हैं
जिसपे गुजरी वो दिल जाने हैं
हम दीवाने हो गये आपके
हम तो बस इतना जाने हैं
तू मेरा है सनम
तू ही मेरा हमदम
तेरे संग जीना अब सातों जनम…
बोकारो : वेलेंटाइन डे पर बुधवार को कुछ इसी अंदाज में प्यार का इजहार हुआ. रूमानी एहसास में बोकारो की सुबह-शाम डूबी रही. डेंटिंग, इजहार व साथी का साथ… दिन रुठने-मनाने और शर्माने-इठलाने में कब समय बीत गया, पता ही नहीं चला. कुनमुनाती धूप के बीच शीतल हवा प्यार के एहसास को तरो-ताजा कर रही थी. इठलाते बादल आसमां पर अठखेलियां कर प्यार को जवां कर रहे थे. यह सुखद एहसास प्रेमी जोड़ाें को रोमांचित कर रहा था. सिटी पार्क, जैविक उद्यान व अन्य पार्कों में कई प्रेमी जोड़ों ने साथ में जीने-मरने की कसमें खायी.
हाथ में हाथ डाले, भीड़ को अनदेखा कर पास आने की कोशिश, फूलों के रंग में कहीं अपने प्यार की पहचान ढूंढना तो कहीं पक्षी के जोड़ों के बीच अपने संबंधों को महसूस करते एक-दूसरे के आंखों में झांकते कई धड़कनों की प्यार जवां होती रही. इस एहसास को बाजार ने कैश भी किया गया. सस्ते-महंगे गिफ्ट. रेस्तरां में वेलनटाइन स्पेशल. चॉकलेट्स की धूम.
इन्होंने किया ऐसे सेलिब्रेट
इधर, कपल्स ने अलग-अलग तरीके से वेलेंटाइन डे को सेलिब्रेट किया. किसी ने साथी के साथ दिन भर समय गुजारा तो किसी ने जरूरतमंदों के साथ प्यार बांटा. किसी ने दिन की शुरुआत माता-पिता के आशीर्वाद के साथ की तो कोई मंदिर गया. कोई पार्क पहुंचे तो किसी की शाम रेस्तरां में गुजरी. बोकारो के कुछ कपल्स से ने बताया कि उन्होंने इस दिन को कैसे बिताया.
अनूप विथ अमीषा : अमिट प्यार का इजहार
अनूप अग्रवाल
अध्यक्ष, रोटरी क्लब ऑफ बोकारो मिडटाउन कपल्स
अमीषा अग्रवाल
प्रवक्ता, रोटरी क्लब ऑफ बोकारो मिडटाउन कपल्स
गुलाब के फूल के साथ खूबसूरत सुबह की शुरुआत हुई. अमिट प्यार का इजहार किया. लम्हे को यादगार बनाने के लिए एक-दूसरे को उपहार दिया. भाग-दौड़ की जिंदगी में एक-दूसरे को कम समय दे पाते हैं, लेकिन वेलेंटाइन डे का दिन एक -दूसरे के नाम कर दिया. एक पल के लिए भी अलग नहीं हुए. दिन भर साथ-साथ रहे. घर से लेकर कार्यालय तक एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा. शाम को घूमे-फिरे. फिर, रेस्तरां में बैठ कर घंटों बात की. मनपसंद डिश खाया.
अमरदीप की उषा : प्रेम वचन से दिन शुरू
कुमार अमरदीप
अध्यक्ष, गुड मार्निंग क्लब, बोकारो
उषा कुमार
पूर्व अध्यक्ष रोटरी क्लब चास
सुबह की शुरुआत प्रेम वचन के साथ हुई. दोनों ने साथ में महाशिवरात्रि की पूजा की. प्यार बांटने की चीज है. अगर जरूरतमंदों को दी जाये तो इसका एहसास और भी सुखद हो जाता है. दोपहर में दोनों संग-संग मानव सेवा आश्रम-सेक्टर पांच पहुंचे. केक काटा. बच्चों के बीच टॉफियां व बिस्कुट बांटे. उपहार भी दिये. वापस लौट कर कुछ समय पुराने दिनों के यादगार लम्हाें को याद किया. दिन का ज्यादातर समय एक-दूसरे के साथ ही बिताने की कोशिश की.
राजेश संग पूजा : पुरानी यादों में खो गये
राजेश ठाकुर
प्रवक्ता, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी
पूजा
गृहिणी
मां-पिता के आशीर्वाद के साथ दिन की शुरुआत की. शिवरात्रि के उपवास का पारण साथ किया. अमूमन पत्नी व बेटों (राजवर्द्धन व यशवर्द्धन) के साथ ज्यादा समय नहीं दे पाते हैं. इस वेलेंटाइन डे का दिन माता-पिता सहित परिवार को दिया. पुरानी यादों के गलियारे में खो गये. कुछ मस्ती हुई. बच्चों की शरारतों में शामिल हुए. एक को डॉक्टर के पास लेकर गये तो दूसरे के साथ पढ़ाई संबंधी बात की. शाम में सपरिवार घूमने निकले. रात का खाना साथ किया.
रंजन के साथ रेखा : यादों को ताजा किया
रंजन कुमार गुप्ता
महासचिव, दी सिटी सेंटर ट्रेडर्स एसोसिएशन
गृहिणी
दिन की शुरुआत महकते गुलाब के साथ हुई. उपहार देकर मौके को यादगार बनाया. मंदिर जाकर पूजा की. व्यवसाय की व्यस्तता के कारण एक-दूसरे को समय नहीं दे पाते थे. वेलेंटाइन डे का दिन एक-दूसरे के नाम कर दिया था. साथ बैठ कर खट्ठी-मिठी यादों को ताजा किया. व्यवसाय को दरकिनार कर निजी जीवन को प्राथमिकता दी. शाम को जरा घूमे-फिरे, इसके बाद साथ में डिनर लिया. खाना एक-दूसरे के पसंद का था.
