पुलिस ने 100 घंटे में किया मामले का उद्भेदन
बोकारो : जमीन कारोबारी परितोष सिंह की हत्या एक करोड़ रुपये के लिए उसके चचेरे व फुफेरे भाइयों ने गला दबाकर की थी. पुलिस ने सौ घंटे में मामले का उद्भेदन रविवार को कर लिया है. तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. हत्या में इस्तेमाल बाइक जेएच 09जेड- 8653 और मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है. हत्यारों ने साक्ष्य छिपाने के लिए मौके से मृतक का मोबाइल उठाकर फेंक दिया था. एसपी कार्तिक एस ने रविवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया : पकड़े गये लोगों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
एसपी कार्तिक एस ने बताया कि लगभग एक करोड़ रुपये के लिए गोड़ाबाली निवासी मृतक परितोष सिंह के चचेरे भाई कमलेश सिंह व अरविंद सिंह उर्फ विक्रम व फुफेरा भाई अरविंद सिंह एक साथ जमीन कारोबार करते थे. मृतक फायदे की राशि में से तीनों को हिस्सा देता था. इस बार जमीन के खरीद बिक्री में लगभग एक करोड़ रुपये का लेन देन बकाया था. जो हत्या का मुख्य कारण बना.
पुलिस ने 31 जनवरी की शाम में सिटी थाना इलाके के सेक्टर 2सी के स्थित आवास से परितोष का शव बरामद किया था. मृतक की पत्नी रिंकू देवी ने कमलेश सिंह, अरविंद सिंह व माथुर सिंह को नामजद करते हुए सिटी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. एसपी ने सीसीआर डीएसपी रजत मणि बाखला के नेतृत्व में सिटी थाना प्रभारी मदन मोहन सिंहा, सेक्टर 6 थाना प्रभारी इंद्रासन चौधरी, बालीडीह थाना प्रभारी कमल किशोर,सेक्टर 12 थाना प्रभारी राधे श्याम दास व चास थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय की टीम बनायी. टीम ने उक्त मामले में दर्जनों लोगों से पूछताछ की. इसके बाद मामले का उद्भेदन संभव हो सका.
छह माह पूर्व हत्या की बनी थी रणनीति
एसपी ने बताया मृतक की पत्नी के अनुसार लगभग छह माह पूर्व रिलायंस होटल में इन लोगों ने किसी व्यक्ति को बिनोद खोपड़ी का आदमी बताकर लाया था. उसके पति को धमकी दिलाने का प्रयास किया गया था. उसने ऐसा करने से मना कर दिया. इसके बाद इन तीनों ने मिलकर उसके हत्या की योजना बनायी. घर में घुसकर दोनों ने हाथ पकड़ लिया व एक ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी.
