दुखद. शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय पिंड्राजोरा में कार्यरत थे मनाेरंजन मित्रा
पिंड्राजोरा : पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के आइटीआइ मोड़ के पास सोमवार की देर शाम बिचाली लदे एक पिकअप वैन (जेएच09सी-1011) की चपेट में आने से पुरुलिया जिले के बर्रा रघुनाथपुर निवासी मनोरंजन मित्रा (51) की मौत हो गयी. वह शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय पिंड्राजोरा में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी थे. बताया जाता है कि मनोरंजन रोज की तरह सोमवार को शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय से कार्य संपन्न करने के बाद ऑटो से अपने किराये के घर आइटीआइ मोड़ जा रहे थे.
ऑटाे से उतरकर वह सड़क पार कर रहे थे. इसी क्रम में तेज गति से पुरुलिया से आ रही पिकअप वैन ने उनको अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गयी. मृतक के पुत्र गोपीनाथ मित्रा ने पिंड्राजोरा थाना में चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. पिंड्राजोरा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है.
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
शव को देखते ही पत्नी व बच्चों का रो- रो कर बुरा हाल है. पत्नी सुलेखा मित्र, बेटा गोपीनाथ मित्र,बेटी मिठू सरकार, टुड्डू मित्र आदि सभी स्थानीय प्रशासन को कोष रहे हैं. उनका कहना है कि अगर ओवरलोड पिकअप वैन को रोक लिया जाता तो उनकी मौत नहीं होती. सुलेखा ने कहा कि बिना सरकारी सहायता के मेरा परिवार सड़क पर आ जायेगा, क्योंकि मेरे पति ही परिवार में एकमात्र कमाऊ सदस्य थे.
प्रशिक्षक शिक्षकों ने की मदद
शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों ने शव को पोस्टमार्टम सहित घर पहुंचाने के लिए गाड़ी का भाड़ा व अन्य खर्च की सामग्री खरीद कर दी.
