बीएसएल. नगर सेवा भवन के निकट 02 फरवरी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे 1100 प्लॉटधारी

बोकारो व्यवसायिक प्लॉट होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के सामने करो या मरो की स्थिति आ गयी है. बीएसएल प्रबंधन के लीज नवीकरण, सर्विस चार्ज, लीज रेंट, अब ट्रेड चेंज के नाम पर लाखों की मांग ने प्लॉटधारी की कमर तोड़ दी है. इसके खिलाफ 02 फरवरी से 1100 प्लॉटधारी बीएसएल-नगर सेवा भवन के निकट अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे. यह निर्णय रविवार को बोकारो व्यावसायिक प्लॉट होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के सेंटर मार्केट-सेक्टर पांच के मैदान में आयोजित वार्षिक आम सभा में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से लिया. प्लॉट होल्डर ने आम सभा में सर्वसम्मति से संघर्ष का आह्वान किया.

प्लॉटधारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि प्लॉटधारी की लगातार हो रही है जर्जर अवस्था को प्रबंधन नजर अंदाज करते जा रही हैं. बीएसएल का मुनाफा बढ़ता जा रहा है, वहीं श्रमिकों की संख्या मात्र 7500 रह गयी है. शहर अतिक्रमणकारियों का शहर बन कर रह गया है. सिटी सेंटर व सेक्टर मार्केट का व्यवसाय सड़क पर आ गया है और प्लॉटधारी के प्लॉट पर तालाबंदी की नौबत आ गयी है. ऑनलाइन, वेबसाइट के इस जमाने में सिटी सेंटर व सेक्टर मार्केट के व्यवसाय से करोड़ों की मांग प्लॉटधारी को बोकारो से भागने के लिए विवश कर रहा है. प्रबंधन की मांग लीज की शर्तों के विरुद्ध की जा रही है.

रांची उच्च न्यायालय के फैसला को नजरअंदाज कर रहा बीएसएल : राजेंद्र विश्वकर्मा

बोकारो व्यवसायिक प्लॉट होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र विश्वकर्मा ने सभा की अध्यक्षता करते हुये कहा कि बीएसएल प्रबंधन की ओर से रांची उच्च न्यायालय के फैसला को नजरअंदाज किया जा रहा है. प्रबंधन लगातार लीज कैंसिल करने व तरह-तरह से प्रताड़ित करने का काम कर रही है. इसके खिलाफ प्लॉटधारी 02 फरवरी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने जा रहे हैं. यह त्राहिमाम की स्थिति है. प्लॉटधारी के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है. प्लाटधारी करो या मरो की स्थिति में अपने प्लॉट को बचाने के लिए अब सड़क पर उतरने को बाध्य हो गये हैं.

ट्रेड चेंज के नाम पर लाखों रुपए की मांग लीज की शर्तों का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन

एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष जगदीश चौधरी ने कहा कि प्लॉटधारी बोकारो स्टील प्लांट में गिरती मजदूरों की संख्या के कारण भारी आर्थिक संकट झेल रहे हैं. सर्वसाधारण प्लॉट होल्डर्स की स्थिति अत्यंत जर्जर है. पलायन की स्थिति बन गयी है. प्लॉटधारी डॉ. अब्दुल्ला ने कहा कि ट्रेड चेंज के नाम पर लाखों रुपए की मांग लीज की शर्तों का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन है. रांची उच्च न्यायालय में मामला लंबित है. प्लॉटधारी रामेश्वर कुमार ने कहा कि प्रबंधन ने प्लॉटधारी के सामने पलायन की स्थिति पैदा कर दी. प्लॉटधारी आरसी प्रसाद ने कहा कि नवीकरण में प्रीमियम की मांग गलत है. सेक्टर मार्केट व सिटी सेंटर के प्लॉट धारी उपस्थित थे.

टाउनशिप को प्रॉफिट सेंटर बनाकर धन की उगाही करना बंद करे प्रबंधन : प्रवीण कुमार

एसोसिएशन सचिव विनोद कुमार ने कहा : व्यावसायिक परिसर का कोई मतलब नहीं रह गया है. बोकारो चेंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री प्रवीण कुमार ने कहा कि बीएसएल को उत्पादन पर ध्यान देना चाहिए. टाउनशिप को प्रॉफिट सेंटर बनाकर धन की उगाही करना, न केवल भूखंड के अधिग्रहण की मूल शर्तों का उल्लंघन है, बल्कि प्लॉटधारी के साथ अन्याय है. आदित्य घोसला, संजय कुमार, श्याम नंदन सिंह, मनोज कुमार झा, सुनील कुमार, आर्यन सिंह, रतन गर्ग, सत्येंद्र कुमार, शशि आनंद, मनन प्रसाद, जीवन कुमार, केएन प्रसाद, कुंदन कुमार सिंह, महेंद्र प्रसाद आदि उपस्थित थे. धन्यवाद ज्ञापन वीरेंद्र कुमार ने किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MAYANK TIWARI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >