सुरेंद्र कुमार/शंकर पोद्दार की रिपोर्ट
Ashok Choudhary: बिहार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी मंगलवार को झारखंड के प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिके मंदिर, रजरप्पा पहुंचे. यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य और देश की सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान उन्होंने नारियल बलि अर्पित की और रक्षा सूत्र बंधवाकर मां का आशीर्वाद लिया. पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मां छिन्नमस्तिके के प्रति उनकी गहरी आस्था है. उनके पिता वर्ष 1984-85 में मंत्री थे, तभी से उनका परिवार यहां आता रहा है. उन्होंने बताया कि मैट्रिक परीक्षा पास करने के बाद से वह प्रत्येक वर्ष एक-दो बार मां के दर्शन के लिए रजरप्पा आते रहे हैं.
भरत तिवारी एनकाउंटर पर दिया बयान, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर अशोक चौधरी ने खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि यह पूरे पुलिस विभाग की नहीं, बल्कि एक-दो पुलिस अधिकारियों की गलती है. बिहार सरकार और पुलिस विभाग अपराध नियंत्रण के लिए बेहतर कार्य कर रहे हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं. इसके बावजूद भरत तिवारी मामले में कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि भरत तिवारी को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है, लेकिन उसके सामाजिक कार्यों और गतिविधियों को देखने पर वह सामान्य व्यक्ति की तरह सक्रिय था. यदि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था तो पुलिस को उसे गिरफ्तार कर मेडिकल बोर्ड से जांच करानी चाहिए थी. जांच में विक्षिप्त पाए जाने पर उसे अस्पताल भेजा जाता और सामान्य होने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाता. उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों और जवानों को हर परिस्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाता है. ऐसे में सीधे गोली चलाना उचित नहीं था. उन्होंने कहा कि इस मामले में संबंधित दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए. मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के लिए हाईकोर्ट के न्यायाधीश से जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जनता में जो आक्रोश है, वह स्वाभाविक है और जनप्रतिनिधि होने के नाते गलत को गलत कहना जरूरी है.
पलायन रोकने और रोजगार सृजन पर सरकार के प्रयास
वहीं बिहार से मजदूरों के पलायन के सवाल पर उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है. रोजगार के नये अवसर सृजित कर पलायन की समस्या को कम करने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है. इनकी सुरक्षा व्यवस्था में रामगढ़ डीएसई संजीत कुमार, चितरपुर सीओ दीपक मिंज, रजरप्पा थाना के एसआई रोहित राज मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: बोकारो की लापता युवती मामले में सीएफएसएल की रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश, 25 जून को अगली सुनवाई
इसे भी पढ़ें: जगन्नाथपुर मंदिर के प्रबंधन पर हाईकोर्ट सख्त, धार्मिक न्यास बोर्ड से मांगी संचालन योजना
