पूजा, प्रार्थना और फिर लहठी की खरीदारी… देवघर में निशांत कुमार का दिखा अलग अंदाज

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की. पूजा के बाद उन्होंने परिवार की महिलाओं के लिए लहठी की खरीदारी की. इस दौरान उन्होंने राजनीतिक सवालों पर चुप्पी साधे रखी.

देवघर: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार रविवार को देवघर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद लिया. मंदिर में संकल्प करने के बाद उन्होंने अरघा के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ पर जल अर्पित किया. पूजा के बाद उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से बिहार और पूरे देश की सुख-समृद्धि की कामना की.

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार मंदिर से बाहर निकले और पास की गली में स्थित चूड़ी-लहठी की दुकान पर पहुंचे. वहां उन्होंने अपनी चाची, मौसी समेत परिवार की अन्य महिलाओं के लिए लहठी की खरीदारी की. इस दौरान दुकान और आसपास मौजूद लोगों की नजर स्वास्थ्य मंत्री पर रही.

बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को बताया सुखद अनुभव

खरीदारी के दौरान बातचीत में निशांत कुमार ने बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के अनुभव साझा किये. उन्होंने कहा कि बाबा का दर्शन कर उन्हें सुखद अनुभूति हुई. उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से बिहार और पूरे देश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की. साथ ही अपने पिता के बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी बाबा से प्रार्थना करने की बात कही.

स्वास्थ्य मंत्री के देवघर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही. उनकी सुरक्षा में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे.

राजनीतिक सवालों पर साधी चुप्पी

देवघर में स्वास्थ्य मंत्री से बिहार की राजनीति से जुड़े सवाल भी पूछे गये. सोशल मीडिया पर लगातार चल रही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समाधि स्थल बनाये जाने की चर्चा को लेकर पूछे गये सवाल पर निशांत कुमार मुस्कुराते रहे और कोई जवाब नहीं दिया.

वहीं, बिहार में एक बार फिर शराबबंदी समाप्त किये जाने की चर्चा से जुड़े सवाल पर भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. राजनीतिक मुद्दों पर स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी चर्चा का विषय रही.

JDU नेताओं की रही मौजूदगी

स्वास्थ्य मंत्री के साथ बेलहर विधायक मनोज यादव समेत जदयू के कई स्थानीय नेता मौजूद रहे. स्थानीय स्तर पर बेनी माधव झा और चंदू बाबू समेत कई लोगों ने भी स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की. इस दौरान मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >