JSSC महिला पर्यवेक्षिका परीक्षा में 33 डिग्रियों पर उठे सवाल, जांच कमेटी ने राधा गोविंद विवि के रिकॉर्ड पर जताया संदेह

महिला पर्यवेक्षिका पद के लिए चयनित 33 अभ्यर्थियों की डिग्रियां जांच के घेरे में आ गई हैं। राधा गोविंद विश्वविद्यालय से मिली इन डिग्रियों में कई गंभीर विसंगतियां पाई गई हैं, जिसके बाद सरकार ने UGC को रिपोर्ट भेजी है।

रांची. समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग में महिला पर्यवेक्षिका पद के लिए सफल 33 अभ्यर्थियों की डिग्रियां जांच के घेरे में आ गई हैं. इन सभी अभ्यर्थियों ने राधा गोविंद विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री हासिल की है. प्रमाण-पत्रों की जांच के दौरान कई गंभीर विसंगतियां सामने आने के बाद उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालय के खिलाफ उचित कार्रवाई के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) को रिपोर्ट भेजी है.

जांच में सामने आई आशंका

जांच कमेटी ने आशंका जताई है कि इन 33 अभ्यर्थियों को बिना फीस रसीद, नियमित कक्षा उपस्थिति और आंतरिक मूल्यांकन जैसे जरूरी रिकॉर्ड के बैकडेट में डिग्री जारी की गई हो सकती है. हालांकि, यह जांच में सामने आई आशंका है और अंतिम निष्कर्ष संबंधित जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

फीस और उपस्थिति के रिकॉर्ड नहीं मिले

जांच के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन से 33 अभ्यर्थियों से जुड़े जरूरी शैक्षणिक रिकॉर्ड मांगे गए. इनमें फीस की रसीद, दैनिक कक्षा उपस्थिति और आंतरिक मूल्यांकन से संबंधित दस्तावेज शामिल थे. कमेटी के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन इन रिकॉर्ड को उपलब्ध कराने में कठिनाई का सामना करता रहा.

परीक्षा उपस्थिति शीट में भी गड़बड़ी

जांच कमेटी को परीक्षा की उपस्थिति शीट में भी विसंगतियां मिली हैं. अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के सीरियल नंबर में कई जगह ओवरराइटिंग पाई गई. एक मामले में 25 अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज थी, लेकिन शीट पर सिर्फ 24 हस्ताक्षर मिले.

डिग्री और दीक्षांत की तारीखों में अंतर

जांच में डिग्री और प्रोविजनल प्रमाण-पत्र की तारीखों को लेकर भी सवाल उठे हैं. अधिकांश अभ्यर्थियों की अंतिम डिग्री पर जारी करने की तारीख 15 मई 2025 दर्ज है, जबकि विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 9 मार्च 2025 को हुआ था. कुछ मामलों में प्रोविजनल सर्टिफिकेट अंतिम डिग्री प्रमाण-पत्र जारी होने के बाद का बताया गया है. इस अंतर को भी जांच कमेटी ने गंभीर विसंगति के तौर पर दर्ज किया है.

12वीं के बाद 6 से 13 साल बाद हुआ नामांकन

जांच में सामने आया कि सभी 33 अभ्यर्थियों ने इंटरमीडिएट यानी 12वीं की परीक्षा पास करने के करीब 6 से 13 साल बाद विश्वविद्यालय में नामांकन लिया. कमेटी ने इतने लंबे अंतर को भी असामान्य पैटर्न माना है.

एक ही विश्वविद्यालय से 33 अभ्यर्थियों की डिग्री

जांच कमेटी ने यह भी सवाल उठाया है कि अलग-अलग पृष्ठभूमि वाले 33 सफल अभ्यर्थियों ने लगभग एक ही अवधि में एक ही विश्वविद्यालय से समान पाठ्यक्रम में नामांकन लिया. इस वजह से इनके नामांकन से लेकर परीक्षा पास करने और डिग्री जारी होने तक की पूरी प्रक्रिया की जांच जरूरी मानी गई है.

सरकार ने UGC को भेजी रिपोर्ट

महिला एवं बाल विकास विभाग ने पहले उच्च शिक्षा विभाग से इन अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों की जांच कराने का अनुरोध किया था. जांच के बाद सामने आई विसंगतियों के आधार पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने आगे की कार्रवाई के लिए UGC को रिपोर्ट भेजी है.

ये भी पढ़ें: को-ऑप्शन : दो महिला वकीलों का नाम तय, बार काउंसिल ने चीफ जस्टिस को भेजा

विश्वविद्यालय प्रशासन को जानकारी नहीं

वहीं, इस मामले पर राधा गोविंद विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. निर्मल मंडल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है.

ये भी पढ़ें: झारखंड नियुक्ति प्रक्रिया में नया बवाल, संदेह के घेरे में चयनित 33 महिला पर्यवेक्षिकाओं की डिग्री

मामले का खुलासा सबसे पहले प्रभात खबर में

इस मामले का खुलासा सबसे पहले प्रभात खबर ने किया था. रिपोर्ट में बताया गया था कि महिला पर्यवेक्षिका परीक्षा में चयनित 33 अभ्यर्थियों की डिग्री एक ही निजी विश्वविद्यालय से है और उनके सत्र व अंकों में भी एकरूपता पाई गई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kumar jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >