हजारीबाग के चौपारण स्थित लाइन होटल से 18 मई 2016को बरामद हुई थी एक क्विंटल अफीम
बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित मानजोरी निवासी मिथलेश तिवारी है आरोपी
चपुआडीह : अफीम तस्करी के आरोपी की गिरफ्तारी को ले नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो रांची से अधिकारी बेंगाबाद पहुंचे. ऑफिसर एसके मिश्रा ने बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से शुक्रवार को थाना क्षेत्र के मानजोरी निवासी मिथिलेश तिवारी के घर में छापामारी की. श्री मिश्रा व बेंगाबाद थाना प्रभारी प्रशांत कुमार सिंह ने आरोपी मिथिलेश तिवारी के भाई मुकेश तिवारी और उनकी पत्नी पायल देवी से पूछताछ की.
उन्होंने बताया कि मिथिलेश तिवारी यहां नहीं रहता है और ना ही उससे हम दोनों से कोई वास्ता है. हालांकि, छापेमारी टीम ने मुकेश तिवारी से वार्ता कर आश्वयक रिपोर्ट तैयार की. बताया जाता है कि हजारीबाग जिला के अंतर्गत चौपारण के एक लाइन होटल से 18 मई 2016 को एक क्विंटल से अधिक अफीम बरामद की गयी थी.
पुलिस ने अफीम के साथ नरेश तिवारी (पिता स्व.गणेश तिवारी) को दबोचा था जबकि दूसरा आरोपी मिथलेश तिवारी (पिता स्व. गणेश तिवारी) फरार हो गया था. इस मामले को नारकोटिक्स कंट्रोल के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. एसके मिश्रा ने बताया कि बार-बार नोटिस तामिल होने के बावजूद भी अभियुक्त ने सरेंडर नहीं किया है. कहा कि अभियुक्त यदि सरेंडर नहीं करता है तो उसके घर की कुर्की जब्ती की जाएगी.
