खूंटी : मुरहू पुलिस ने 13 किलोग्राम अफीम के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें तुंबाकेल गांव निवासी साहू मुंडरी व गिड़ूम के बगमाटोला निवासी मोंगो ढोढ़राय शामिल हैं. बरामद अफीम की कीमत क्षेत्रीय बाजार में 13 लाख रुपये से ज्यादा है. यह जानकारी शनिवार को एसपी आलोक ने प्रेस कांफ्रेंस में दी. […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
खूंटी : मुरहू पुलिस ने 13 किलोग्राम अफीम के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें तुंबाकेल गांव निवासी साहू मुंडरी व गिड़ूम के बगमाटोला निवासी मोंगो ढोढ़राय शामिल हैं. बरामद अफीम की कीमत क्षेत्रीय बाजार में 13 लाख रुपये से ज्यादा है. यह जानकारी शनिवार को एसपी आलोक ने प्रेस कांफ्रेंस में दी.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर अभियान चला कर साहू मुंडरी के घर से लगभग पांच किलो व मोंगो ढोढ़राय के घर से आठ किलो अफीम बरामद किया. इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. अभियान में इंस्पेक्टर सुकांत त्रिपाठी, पुअनि मुन्ना कुमार सिंह, मो शफीक खान, सअनि सुनील कुमार सिंह व सशस्त्र बल शामिल थे. एसपी ने कहा कि पोस्ता की खेती व अफीम तस्करी में शामिल लोगों को चिह्नित किया गया है. वे खुद अवैध फसल नष्ट कर दें, अन्यथा पुलिस उन पर कार्रवाई करेगी.
अब तक 48 किलो अफीम बरामद, 14 लोग पकड़े गये : जिला पुलिस अफीम के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. यहां नवंबर 2018 से अबतक 593 एकड़ में पोस्ते की खेती नष्ट की जा चुकी है. वहीं लगभग 48 किलो अफीम बरामद किया गया है. पोस्ता खेती व अफीम की तस्करी मामले में 14 लोग गिरफ्तार भी किये गये हैं.
राजाउलातु में 18 एकड़ में पोस्ते की खेती नष्ट
नामकुम. थाना क्षेत्र के राजाउलातु पंचायत में शनिवार को पुलिस ने लगभग 18 एकड़ में लगी पोस्ते की खेती को नष्ट कर दिया. थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि यहां सोगोद व पीरीडीह गांव में बड़े पैमाने पर पोस्ता की खेती की सूचना मिली थी. पुलिस गांव पहुंची तो पाया कि पौधों से अफीम निकालने के लिए चीरा लगाया जा चुका था.
पुलिस ने पूरी फसल को नष्ट कर दिया. उन्होंने बताया कि पुलिस इन खेतों के मालिकों का पता लगाकर उन पर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रही है. इधर, हहाप के लतारडीह व बेड़ाडीह में भी पोस्ता की खेती नष्ट की गयी. यहां ग्रामीणों ने समिति बनाकर पोस्ता की खेती बंद कराने का निर्णय लिया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गयी.