इराक में झारखंड के 60 लोग फंसे हैं : शाहदेव
रांची : कांग्रेस प्रवक्ता राजेश ठाकुर और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने इराक से लौटे जाफरिया मसजिद मौलाना सय्यद तहजीबुल हसन से मुलाकात कर सकुशल लौटने पर शुभकामना दी. कांग्रेस नेताओं ने मौलाना तहजीबुल हसन को गुलदस्ता देकर स्वागत किया. बातचीत के क्रम में मौलाना तहजीबुल हसन ने बताया कि इराक में खौफनाक मंजर है.
इनसानियत का खून हो रहा है. केंद्र सरकार को समाधान का उपाय जल्द करना चाहिए. इधर कांग्रेस नेता श्री ठाकुर और श्री शाहदेव ने कहा कि इराक में झारखंड के 60 लोग फंसे हैं. केंद्र सरकार राहत का उपाय नहीं कर रही है. शांति बहाल करने में भारत को सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए. साथ ही देश के लोगों की रक्षा की जिम्मेवारी भी निभानी चाहिए. मौके पर नजरे इमाम मौलाना मुजतबा हुसैन भी मौजूद थे.
