हजारीबाग (झारखंड): भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा के सिर में आज उस वक्त चोट आई जब वह गिर गए और दीवार से टकरा गए. सिन्हा फिलहाल हजारीबाग सेंट्रल जेल में बंद हैं.
जेल सूत्रों ने बताया, ‘‘सूजन है लेकिन रक्तस्राव नहीं हो रहा है.जेल चिकित्सकों के साथ-साथ उनके (सिन्हा के) निजी चिकित्सक ने उन्हें देखा और दवा दी.’’ उन्होंने बताया कि पूर्व विदेश मंत्री निगरानी में हैं. भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष रवींद्र राय ने कहा कि वरिष्ठ नेता उस वक्त जख्मी हो गए जब वह जिस कुर्सी पर बैठे थे वह टूट गई. राय ने जेल में सिन्हा से मुलाकात की.
राय ने बताया, ‘‘चिकित्सकों ने कहा कि वह ठीक हैं. अगर कोई समस्या है तो सीटी स्कैन किया जाएगा.’’ सिन्हा 3 जून से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं. वह गत दो जून को भाजपा द्वारा आहूत प्रदर्शन के दौरान एक सरकारी अधिकारी पर कथित तौर पर हमले के मामले में जेल में हैं.
