रांची : सर्कुलर रोड स्थित महेंद्र प्रसाद कॉलेज के पास वाली गली के किनारे से शुक्रवार की सुबह तौफिक अंसारी नामक युवक का शव बरामद किया गया. उसकी हत्या चाकू से हमला कर की गयी है. पुलिस को आशंका है कि हत्या कहीं और की गयी और शव लाकर यहां फेंक दिया गया, क्योंकि शरीर में जख्म का निशान होने के बावजूद घटनास्थल पर खून के निशान नहीं मिले हैं. तौफिक कर्बला चौक के समीप रहता था.
पुलिस ने उसके परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है. परिजनों ने जीशान नामक युवक और अन्य पर हत्या की आशंका जतायी है. जीशान से पुलिस ने शुक्रवार को पूछताछ की, लेकिन उसने घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया.
पुलिस के अनुसार तौफिक गुरुवार की शाम घर से निकला था. इसके बाद वह घर नहीं लौटा. शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक की पेट सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चाकू घोप कर हत्या कर दी गयी है. जब पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों व उनके परिजनों को बुला कर शव की शिनाख्त करायी, तब उसकी पहचान तौफिक के रूप में हुई.
नौकरी के लिए तौफिक ने एक युवक से लिये थे दो लाख
हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को दो बिंदुओं पर जानकारी मिली है. पहला यह कि कांटा टोली निवासी जीशान नामक युवक से तौफिक ने सीसीएल में नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये लिये थे. लेकिन उसने न तो जीशान की नौकरी लगवायी और न ही रुपये वापस किये. तब जीशान ने तौफिक से उसकी मां की नौकरी लगवाने को कहा.
इधर, तौफिक से एक अन्य युवक साजिद ने नौकरी के लिए 60 हजार रुपये लिये थे. लेकिन वह भी तौफिक को पैसा वापस नहीं कर रहा था. तौफिक जब गुरुवार को साजिद के पास रुपये मांगने पहुंचा, तब दोनों के बीच विवाद हुआ था. पैसे के इसी लेन-देन के विवाद में तो उसकी हत्या नहीं कर दी गयी, पुलिस इस बिंदु पर पड़ताल कर रही है़
कहीं आपसी विवाद में तो नहीं कर दी गयी हत्या!
मामले का दूसरा पहलू यह भी है कि जहां पर युवक का शव मिला है, उसके आसपास के इलाके में युवक अड्डेबाजी और खाने-पीने के लिए जाया करते हैं. वहां किसी से तौफिक का विवाद होने पर उसकी हत्या तो नहीं कर दी गयी. खबर लिखे जाने तक पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी थी.
