रांची: लोकसभा चुनाव की तर्ज पर मेयर चुनाव में भी उम्मीदवारों पर निगरानी रखी जायेगी. इसको लेकर चार टीम बनायी गयी है. इसमें वीडियो सर्विलांस टीम, धावा दल, स्टैटिक सर्विलांस टीम, वीडियो व्यूइंग टीम शामिल है. इसके अलावा स्टैटिक मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गयी है. हर टीम को उम्मीदवारों की सूची सौंप दी जायेगी और प्रत्येक टीम को उम्मीदवारों की जिम्मेवारी भी दी जायेगी.
तीन व्यय प्रेक्षक बनाये गये
मेयर चुनाव के मद्देनजर तीन व्यय व तीन सहायक व्यय प्रेक्षक बनाये गये हैं. इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा आदेश भी जारी कर दिया गया है. इनमें तीन वाणिज्य-कर पदाधिकारी हैं. जिन्हें व्यय प्रेक्षक बनाया गया उनमें सर्वजीत सफलता, शंकर प्रसाद व रवींद्र सिंह शामिल हैं. वहीं सहायक व्यय प्रेक्षक में शशि शेखर सिंह, नवनीत कुमार सिंह व सत्येंद्र कुमार सिंह शामिल हैं.
नवीन लकड़ा ने चलाया जनसंपर्क अभियान
रांची. मेयर प्रत्याशी नवीन लकड़ा के जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों ने पेयजल की किल्लत का मुद्दा उठाया. इस दौरान श्री लकड़ा ने लोगों से कहा कि शहर में जल संकट की स्थिति गंभीर है इसके लिए हर घर को पाइपलाइन से जोड़े जाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इसके लिए लोगों को भी घरों में वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था शुरू करने की जरूरत है. मंगलवार को हिंदपीढ़ी, गितिलपीड़ी, बांधगाड़ी सहित अन्य मुहल्लों में किये गये प्रचार अभियान में अमित कुमार, मंजू केरकेट्टा, गुलाम अरशद, उमेश, सफदर, माइकल, अजहर समेत कई गणमान्य लोग शामिल थे.
वर्षा गाड़ी ने चलाया जनसंपर्क अभियान
रांची. मेयर पद की प्रत्याशी वर्षा गाड़ी ने मंगलवार को पाथरटोली, मुंडा गढ़ा, चुटिया, बहू बाजार, धुर्वा, डोरंडा बाजार में जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों से कहा कि अगर वे चुनाव जीत जाती हैं तो शहर में ड्रेनेज व्यवस्था के अलावा बिजली, पानी और फुटपाथ दुकानदारों के लिए मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवायेंगी. जनसंपर्क अभियान में सुनील यादव, सीमा सिंह, कुश कुमार, निरंजना टोप्पो, बादल कुजूर आदि उपस्थित थे.
फुटपाथ दुकानदारों की समस्या सुलझायेंगे अजीत उरांव
रांची. मेयर पद के प्रत्याशी अजीत उरांव ने कहा है कि अगर उन्हें इस चुनाव में जनता मेयर पद के लिए चुनती है तो वे सबसे पहले फुटपाथ दुकानदारों का स्थायी पुनर्वास करायेंगे. उन्होंने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के अलावा भी कई मुद्दे उनकी प्राथमिकता सूची में शामिल हैं. श्री उरांव ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद उनका एकमात्र मकसद होगा कि सरकार द्वारा चलायी जा रही गरीबों की कल्याणकारी योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ गरीबों को मिले.
