रांची: मोरहाबादी मैदान में इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर और होम एंड डेकोर फेयर छह जून से शुरू हो रहा है. इसका उद्घाटन सीएम हेमंत सोरेन करेंगे. मेले में देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियां अपनी स्टॉल लगा रही हैं. इसका आयोजन जेएस मार्केटिंग एसोसिएट्स कर रहा है.
झारखंड चेंबर, जेसिया, क्रेडाई, बिल्डर एसोसिएशन मेले में सहयोग कर रहे हैं. जेएस एसोसिएट्स के सीइओ प्रकाश साह ने बताया कि मेले में 12 एसी पवेलियन होंगे, जिनमें 575 स्टॉल लगाये जायेंगे. साथ ही होम और डेकोर फेयर भी लगेगा. इसमें हाउसिंग, हाउसिंग फाइनांस, रियल इस्टेट व सहयोगी इकाइयों के स्टॉल लगाये जायेंगे. कांफ्रेंस हॉल में रोजाना कार्यक्रम होंगे. इसको लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. मेले में नजर रखने के लिए हर ओर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. प्रभात खबर मेले का मीडिया पार्टनर है.
ये होंगे आकर्षण का केंद्र: मेले में कंज्यूमर और लाइफ स्टाइल उत्पाद, टेक्सटाइल्स, जूट उत्पाद, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, पैकेज्ड फूड, सरकारी विभाग व पीएसयू, पर्यटन, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स के साथ ही विदेशी उत्पाद आकर्षण का केंद्र होंगे. इसके अलावा झारखंड सरकार का विशेष पवेलियन होगा, जिसमें राज्य के विभिन्न विभागों की उपलब्धियों के बारे में बताया जायेगा.
विदेशी स्टॉल भी लगेंगे: श्रीलंका, बांग्लादेश, पाकिस्तान, नेपाल, तर्की, म्यांमार, थाइलैंड, हांगकांग सहित आठ देशों के प्रतिनिधि अपने उत्पाद यहां प्रदर्शित करेंगे.
बड़े उद्योगों के भी लगेंगे स्टॉल: झारखंड के बड़े उद्योग जिंदल स्टील, आधुनिक ग्रुप, हिंडाल्को, सेल, एचइसी समेत कई अन्य कंपनियों के भी स्टॉल लगाये जा रहे हैं. इनमें कंपनियों द्वारा किये जा रहे कार्यो के बारे मे जानकारी दी जायेगी.
