नोवामुंडी से सुबोध की रिपोर्ट
West Singhbhum News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी रेलवे फाटक ओवरब्रिज के पिलर नंबर 11 के पास बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक वृद्ध महिला, गुरुवारी बोदरा की स्वाभाविक रूप से मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, वह पिछले दो-तीन दिनों से बीमार थीं और अपने अस्थायी ठिकाने पर आराम कर रही थीं, तभी सोते-सोते उनका निधन हो गया.
अस्थायी ठिकाने पर रहता है परिवार
मृतका की बेटी सोनी ने बताया कि उनका परिवार ओवरब्रिज के नीचे अस्थायी रूप से रहकर मजदूरी कर गुजारा करता है. घटना के बाद शव को वहीं रखा गया और परिजन रिश्तेदारों के आने का इंतजार करते रहे. इस दौरान करीब 18 घंटे तक शव ओवरब्रिज के नीचे ही पड़ा रहा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैलने लगी और राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा बाजार आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
मॉर्चरी में रखने का सुझाव ठुकराया
इसी बीच नोवामुंडी थाना की सब-इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी ने परिजनों को सुझाव दिया कि शव को टाटा स्टील के मॉर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया जाए, लेकिन परिवार वालों ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और कहा कि वे अपने स्तर पर ही अंतिम संस्कार करेंगे. मृतका के पुत्र उल्लू, बदरी और पुत्रियां सोनी, दीपा व अंजलि ने बताया कि सभी तैयारियों के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा
ओवरब्रिज के नीचे से लोगों को हटाया गया था
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्गा पूजा के समय प्रशासन द्वारा ओवरब्रिज के नीचे रह रहे लोगों को हटाया गया था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से फिर से यहां लोगों का जमावड़ा बढ़ गया है. पिलर नंबर 13 के पास स्थित बंद पान गुमटी नशेड़ियों और छोटे बच्चों का अड्डा बन चुकी है, जहां चोरी और नशे की घटनाएं हो रही हैं. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बढ़ती अव्यवस्था पर जल्द कार्रवाई की जाए और ओवरब्रिज के नीचे रहने वाले लोगों के लिए उचित व्यवस्था की जाए.
यह भी पढ़ें: सरायकेला में मनरेगा कर्मियों का हड़ताल जारी, 9-10 अप्रैल को ग्रामीण विकास मंत्री आवास घेराव का ऐलान
यह भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
