सिमडेगा : सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के केरिया पंचायत के तेरी टोली में विषाक्त हड़िया पीने से पांच महिला और दो पुरुष की मौत हो गयी. वहीं, रजनी भेंगरा की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दो को रिम्स रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात तेरी टोली में फुलजेंसिया भेंगरा की मौत हो गयी. आशंका जतायी जा रही है कि उसने विषाक्त हड़िया पी थी. मृतका का पति अलबर्ट भेंगरा पंजाब कमाने गया है. शुक्रवार को गांव के कुछ लोग उसके अंतिम संस्कार में शामिल हुए. इसके बाद शनिवार सुबह में गांव के लोगों ने घर में रखे विषाक्त हड़िया का सेवन किया.
जिससे उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. घटना की सूचना मिलने पर प्रखंड प्रशासन द्वारा बीमार लोगों को सदर अस्पताल लाया गया. वहां इलाज के क्रम में पांच लोगों की मौत हो गयी. दो महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां इलाज के दौरान फिलोमिना गुड़िया (70) की मौत हो गयी, जबकि रजनी भेंगरा की हालत गंभीर बनी हुई है. एसपी संजीव कुमार ने बताया कि विषाक्त हड़िया का सेवन करने के कारण 11 लोग बीमार पड़ गये थे. जिसमें सात की मौत इलाज के क्रम में हो गयी है. बाकी बीमार लोगों का इलाज किया जा रहा है.
