आयकर विभाग ने शेल कंपनियाें (ब्लैक लिस्टेड) के साथ पिछले छह साल में किसी भी तरह के किये गये लेनदेन की जांच का आदेश दिया है. आयकर विभाग के जमशेदपुर सर्किल द्वारा शेल कंपनियाें के साथ संबंध रखने के मामले में 1600 से अधिक अॉडिट रिटर्न दाखिल करनेवालाें काे नाेटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब देने काे कहा है. जवाब से यदि विभाग संतुष्ट नहीं हाेगा, ताे 31 मार्च के पहले इनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
शहर के कई व्यापारियाें काे इनफॉर्मेशन अंडर सेक्शन 133(6) का नाेटिस मिलने पर हड़कंप मच गया है. सरकार ने 1800 संदिग्ध शेल कंपनियाें की लिस्ट रजिस्ट्रार अॉफ कंपनीज आैर फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट काे साैंपी थी, जिसके बाद उसकी जांच का जिम्मा आयकर विभाग काे दिया गया है. आयकर विभाग जमशेदपुर सर्किल ने 2011-2016 तक के बीच शेल कंपनियाें से जुड़े मामलाें की जांच का फैसला किया है. इस दाैरान यदि किसी भी व्यापारी-व्यक्ति द्वारा ब्लैक लिस्ट करार दी गयी कंपनियाें के साथ किसी भी तरह लेनदेन, खाताें का लिंक हाेगा, ताे उनके खिलाफ जांच तेज हाेगी.कई ऐसे खातों की पहचान की गयी है, जिसमें नोटबंदी के पहले निगेटिव बैलेंस था, लेकिन नोटबंदी के बाद से इन अकाउंट्स के माध्यम से बड़ा लेन-देन हुआ.
