School Holiday: दिल्ली के स्कूली बच्चों के लिए 11 सितंबर की सुबह थोड़ी राहत भरी रहेगी. इस दिन न स्कूल पहुंचने की जल्दी होगी और न सुबह की रोज वाली भागदौड़. BRICS Summit को देखते हुए दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने 11 सितंबर 2026 को स्कूलों में छुट्टी घोषित की है. इतना ही नहीं, दिल्ली सरकार के दफ्तरों के साथ राजधानी में स्थित कई केंद्र सरकार के कार्यालय भी इस दिन बंद रहेंगे.
3 दिन बंद रहेंगे स्कूल?
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को स्कूलों में छुट्टी रहेगी. यह आदेश सरकारी स्कूलों के साथ सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर भी लागू होगा. इसके बाद शनिवार और रविवार पड़ रहे हैं. रविवार को सभी स्कूलों में साप्ताहिक अवकाश रहता है, जबकि कई स्कूल शनिवार को भी बंद रहते हैं. ऐसे में जिन स्कूलों में शनिवार की छुट्टी होती है, वहां बच्चों को लगातार तीन दिन का लंबा अवकाश मिल सकता है.
क्या दिल्ली के सरकारी दफ्तर भी बंद होंगे?
सिर्फ स्कूल ही नहीं, 11 सितंबर को दिल्ली सरकार के सरकारी कार्यालयों में भी अवकाश रहेगा. जारी आदेश के मुताबिक दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले सरकारी कार्यालय, स्वायत्त निकाय (Autonomous Bodies) और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम यानी PSUs भी बंद रहेंगे. दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों के लिए भी 11 सितंबर को छुट्टी घोषित की गई है. BRICS Summit से जुड़े सुरक्षा, ट्रैफिक और अन्य व्यवस्थाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
11 सितंबर को दिल्ली में बैंक बंद या खुले?
अगर आपका 11 सितंबर को बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो आपके लिए राहत की बात है. दिल्ली में इस दिन बैंक हॉलिडे नहीं है. RBI के बैंक हॉलिडे कैलेंडर में 11 सितंबर को दिल्ली के लिए बैंक अवकाश दर्ज नहीं है. इसलिए दिल्ली में सरकारी और निजी बैंकों की शाखाएं सामान्य तौर पर खुली रहेंगी. यानी सरकारी कार्यालयों की छुट्टी का आदेश बैंकों पर लागू नहीं होगा.
क्या Private Office में भी होगी छुट्टी?
11 सितंबर की छुट्टी दिल्ली के सभी प्राइवेट ऑफिस पर लागू नहीं है. सरकारी कार्यालयों के लिए जारी बंदी के आदेश में निजी प्रतिष्ठानों को शामिल नहीं किया गया है. इसका मतलब है कि प्राइवेट कंपनियां और ऑफिस सामान्य रूप से काम कर सकते हैं.
क्यों दी गई है 11 सितंबर की छुट्टी?
BRICS Summit के दौरान दिल्ली में सुरक्षा और यातायात से जुड़ी व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों और सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का फैसला किया गया है. ऐसे में 11 सितंबर को घर से निकलने वाले लोगों को अपने स्कूल, कार्यालय की स्थिति पहले जांच लेना ठीक रहेगा.
Also Read : देशभर में लगातार 3 दिन और महाराष्ट्र 4 दिन बैंक बंद, 11 सितंबर से नहीं होगा ब्रांच का काम, जानें वजह
