Vaishali News : (कैफ अहमद) वैशाली जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और गर्म हवाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है. प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 17 जून से 20 जून 2026 तक जिले के कक्षा 5 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है.
छोटे बच्चों की कक्षाएं रहेंगी पूरी तरह बंद
जिला प्रशासन के आदेश के मुताबिक प्री-स्कूल सहित कक्षा 5 तक के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह स्थगित रहेंगी. भीषण गर्मी के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी रहेगा ताला
गर्मी के प्रकोप को देखते हुए जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन भी 20 जून तक बंद रहेगा. इस दौरान बच्चों और गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं.
6वीं से 12वीं तक की पढ़ाई सिर्फ सुबह 10:30 बजे तक
जिला प्रशासन ने कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यालयों को खोलने की अनुमति दी है, लेकिन शैक्षणिक गतिविधियां केवल सुबह 10:30 बजे तक ही संचालित की जा सकेंगी. इसके बाद किसी भी प्रकार की कक्षा, प्रार्थना सभा या अन्य शैक्षणिक गतिविधि आयोजित नहीं की जाएगी.
स्वास्थ्य और सुरक्षा को दी गई प्राथमिकता
प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों को निर्देश दिया है कि वे नई समय-सारिणी का सख्ती से पालन करें और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें. साथ ही अभिभावकों और संबंधित अधिकारियों से भी आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है.
एक नजर में आदेश
- प्रभावी अवधि: 17 जून से 20 जून 2026 तक
- कक्षा 5 तक: सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय बंद
- आंगनबाड़ी केंद्र: 20 जून तक बंद
- कक्षा 6 से 12वीं: सुबह 10:30 बजे तक ही कक्षाएं संचालित होंगी
Also Read : गोपालगंज में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता, गुम हुए मोबाइल को पुलिस ने लौटाया
