डिग्री कॉलेज के स्थान को लेकर तेज हुई सियासत, साइन के पक्ष में उतरे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण

Hajipur News डिग्री कॉलेज के स्थान को लेकर तेज हुई सियासत, जनप्रतिनिधियों ने बोला- हर मानक पर खरा उतरता है, यहीं हो कॉलेज की स्थापना

Hajipur News: (विनय पटेल) हाजीपुर प्रखंड के पटेढ़ी बेलसर में डिग्री कॉलेज की स्वीकृति मिलने के बाद उसके स्थापना स्थल को लेकर बहस तेज हो गई है. पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय, चकगुलामुद्दीन की भूमि चिन्हित किए जाने के बीच शनिवार को उच्च माध्यमिक विद्यालय, साइन परिसर में पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई. बैठक में डिग्री कॉलेज की स्थापना साइन में किए जाने की जोरदार मांग उठाई गई.

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने रखे अपने तर्क

पंचायत के मुखिया अरुण साह, जिला पार्षद प्रतिनिधि राम हरे पासवान, करनेजी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो. जफीर, पैक्स अध्यक्ष मुन्ना राय, जदयू नेता उमेश पटेल, गौरव पटेल, पूर्व मुखिया सूर्यदेव प्रसाद सिंह, समाजसेवी चंदेश्वर सिंह एवं हेमंत सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में कहा गया कि उच्च माध्यमिक विद्यालय, साइन डिग्री कॉलेज स्थापना के लिए निर्धारित सभी मानकों को पूरा करता है.

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है. साथ ही यह गोरौल-सरैया मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है, जिससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए आवागमन काफी सुगम रहेगा.

विधायक की अनुशंसा का भी दिया हवाला

बैठक में मौजूद लोगों ने बताया कि इस संबंध में वैशाली विधायक सिद्धार्थ पटेल ने 16 फरवरी 2026 को तत्कालीन शिक्षा मंत्री को पत्र भेजकर साइन में डिग्री कॉलेज स्थापना की मांग की थी.

पत्र में उल्लेख किया गया था कि पूर्व में चयनित उच्च माध्यमिक विद्यालय, बेलसर हाट में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं है. ऐसे में उच्च माध्यमिक विद्यालय, साइन को स्थापना स्थल के रूप में चयनित किया जाना चाहिए.

शिक्षा विभाग को भी भेजा गया था पत्र

ग्रामीणों ने बताया कि विधायक की अनुशंसा के आधार पर तत्कालीन शिक्षा मंत्री के आप्त सचिव मो. इश्तियाक अजमल ने 26 फरवरी 2026 को उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा था. ग्रामीणों ने इसे साइन में डिग्री कॉलेज स्थापना की मांग को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया.

उप विकास आयुक्त और डीईओ ने सुनी लोगों की बात

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार भी विद्यालय परिसर पहुंचे और उपस्थित ग्रामीणों तथा जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना. वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया.

बेहतर शिक्षा सुविधा की उठी मांग

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डिग्री कॉलेज ऐसे स्थान पर स्थापित किया जाना चाहिए, जहां पर्याप्त भूमि के साथ-साथ बेहतर आवागमन की सुविधा भी मौजूद हो.

उन्होंने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की कि सभी मानकों और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए साइन में डिग्री कॉलेज की स्थापना पर गंभीरता से विचार किया जाए.

Also Read: गया के 15 केंद्रों पर आज बीसीईसीई-2026 प्रवेश परीक्षा, 7400 से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >