खेती में बदलाव से बढ़ेगी आमदनी, श्री अन्न और स्वीट कॉर्न पर सरकार का जोर

Hajipur News: : हाजीपुर में शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 का शुभारंभ हुआ. अधिकारियों ने किसानों को श्री अन्न, स्वीट कॉर्न, जैविक खेती और फसल विविधीकरण अपनाकर आय बढ़ाने की सलाह दी.

Hajipur News: (राहुल कुमार राय) वैशाली जिले के दिग्घी स्थित किसान भवन परिसर में सोमवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलास्तरीय शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) कुंदन कुमार एवं जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) डॉ. विकास कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

किसानों को विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएओ डॉ. विकास कुमार ने खरीफ 2026 में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, श्री अन्न खेती, स्वीट कॉर्न, बेबी कॉर्न, धान की सीधी बुवाई, दलहन एवं तेलहन फसलों से संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया. साथ ही विभिन्न प्रखंडों के लिए निर्धारित लक्ष्यों की भी जानकारी दी गई.

श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देने पर जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीडीसी कुंदन कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य और पोषण की दृष्टि से श्री अन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है. उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ वैकल्पिक और अधिक लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया.

उन्होंने कहा कि किसानों को जलवायु अनुकूल और बाजार की मांग के अनुरूप फसलों का चयन करना चाहिए. साथ ही गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व के बारे में किसानों को जागरूक करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया.

जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

डीडीसी ने कहा कि किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए. इससे खेती की लागत कम होगी और उत्पादों की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा.

कृषि जनकल्याण चौपाल के माध्यम से होगा जागरूकता अभियान

आत्मा के उप परियोजना निदेशक सियाराम साहु ने शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 की जानकारी देते हुए बताया कि कृषि जनकल्याण चौपाल एवं आत्मा के माध्यम से जिले के विभिन्न पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा. इस दौरान कृषि मैपर के विभिन्न क्रियाकलापों की भी जानकारी साझा की गई.

कृषि यांत्रिकीकरण, उद्यान और मत्स्य योजनाओं की दी जानकारी

कृषि अभियंत्रण उप निदेशक आलोक कुमार ने कृषि यांत्रिकीकरण योजना और उसके लक्ष्यों की जानकारी दी. वहीं केवीके की कृषि वैज्ञानिक कुमारी नम्रता ने खरीफ मौसम की फसलों की उन्नत खेती पर विस्तार से प्रकाश डाला.

जिला उद्यान पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने उद्यान विभाग की योजनाओं एवं उद्यानिक फसलों की जानकारी दी. जिला मत्स्य पदाधिकारी गणेश राम ने मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं के बारे में बताया. अनुमंडल पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रेखा चौबे ने पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी साझा की.

फसल सुरक्षा और रोग प्रबंधन पर भी चर्चा

पौधा संरक्षण विभाग के सहायक निदेशक विश्वजीत कुमार ने खरीफ फसलों में लगने वाले रोग, कीट एवं व्याधियों की जानकारी देते हुए किसानों को बचाव के उपाय बताए. साथ ही विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी गई.

कार्यक्रम में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी चंदेश्वर प्रसाद राय, मनोज कुमार, अविनाश कुमार, जिला कृषि विपणन पदाधिकारी मो. अफजल हुसैन, सहायक निदेशक प्रक्षेत्र अंबा कुमारी, बीज विश्लेषण पदाधिकारी अंकिता कुमारी, सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण निरंजन कुमार, सहायक निदेशक बीज उत्पादन शशि कुमार देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं किसान मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: गर्मी से झुलस रहा बिहार, इन जिलों में लोगों का हाल बेहाल, मौसम बदलने की उम्मीद

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >