Hajipur News:(गोपाल कुमार राय) वैशाली जिले में शराबबंदी को लेकर उत्पाद पुलिस लगातार अभियान चला रही है. प्रतिदिन शराब सेवन करने तथा बेचने वाले दर्जनों लोगों को गिरफ्तार भी करती है, लेकिन उत्पाद थाना में आरोपियों को हिरासत में रखने की भी व्यवस्था नहीं है. चार आरोपियों के रखने वाली क्षमता वाली हाजत में एक साथ 18 से 20 आरोपियों को ठूंस ठूंस कर रखा जाता है. भीषण गर्मी में आरोपियों को जेल में रहने से अधिक सजा तो पुलिस कस्टडी में ही मिल जाती है. हालांकि अगले दिन ही कोर्ट में पेशी के बाद शराब सेवन करने वाले आरोपियों से जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया जाता है.
उत्पाद थाना में नहीं है बेहतर हाजत की व्यवस्था
शहर के हॉस्पिटल रोड स्थित उत्पाद थाना में सुविधाओं का घोर अभाव है. एक पुराने जर्जर भवन में संचालित उत्पाद थाना में न तो पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के लिए बेहतर कार्यालय है और न आवास की व्यवस्था है. इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों को कस्टडी में रखने के लिए थाने में हाजत की भी व्यवस्था नहीं है. इसके कारण गिरफ्तार आरोपियों को कुव्यवस्था के बीच किसी तरह जर्जर भवन के हाजत में जानवरों की तरह रखा जा रहा है. इस पर न तो विभाग के वरीय अधिकारी की नजर पहुंच रही है और न ही जिला प्रशासन इसके लिए कोई ठोस पहल कर रही है.
लाइन कटने पर मोबाइल की रौशनी से चलाया जाता है काम
उत्पाद थाना की स्थिति ऐसी है कि थाना में जेनरेटर की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है. इसके कारण रात के अंधेरे में गिरफ्तार आरोपियों को इस भीषण गर्मी में भी किसी तरह रखा जाता है. लाइन कटने पर थाना के पुलिस कर्मी मोबाइल की रौशनी में ही थाना का काम निपटाते है. शनिवार की देर रात पुलिस ने शराब सेवन करने एवं बिक्री करने के आरोपी में दो दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया था.
गर्मी से लोग परेशान
आरोपियों को कस्टडी में रखने के लिए थाना के हाजत में जगह भी नहीं थी. इसके बाद भी एक छोटी सी जगह वाली हाजत में भीषण गर्मी के बीच किसी तरह रखा गया. स्थिति ऐसी थी कि कमरे के बाहर जहां भीषण गर्मी में लोग परेशान थे वहीं रात के अंधेरे में एक छोटी सी हाजत में खड़े खड़े आरोपियों को रात बिताने के लिए विवश होना पड़ता है.
Also Read: दाउदनगर में किसान की हत्या स्थल पर एसपी का निरीक्षण, जल्द गिरफ्तारी के दिए निर्देश
