हाजीपुर : सदर अस्पताल में बुधवार को सीएस कार्यालय के समीप उस समय अजीबोगरीब स्थित उत्पन्न हो गयी. जब पोते की मौत की जानकारी मिलते ही दादा सत्येंद्र राय ने परिसर में रखी गयी ईंट के टुकड़े को उठा कर अपने ही सिर पर प्रहार करने लगा. एक परिजन गमछा से फांसी लगा कर खुदकुशी करने का प्रयास करने लगे.
अपने पुत्र की मौत के वियोग में चिल्ला रही मां काजल देवी ढ़लाई सड़क पर गिर कर बेहोश हो गयी. इसी बीच पिता मनीष कुमार अपना बाल नोंचते हुए चीत्कार मार रोने लगा. ये सभी घटनाएं अस्पताल में स्थिति को नियंत्रण करने पहुंचे सदर एसडीओ रवींद्र कुमार और मुख्यालय डीएसपी सियाराम प्रसाद गुप्ता के सामने हुई. एक साथ परिजनों के इस हरकत को देख कुछ देर के लिए प्रशासनिक पदाधिकारी भी स्तब्ध दिखे. हालांकि एसडीओ के बॉडीगार्ड से लेकर वहां उपस्थित तमाम पुलिस पदाधिकारी परिजनों को संभाला और सांत्वना देते हुए टीकाकरण कक्ष की ओर लेकर चले गये.
टीकाकरण कक्ष में ताला लगा हुआ था और कार्यरत एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी गायब थे. बंद कक्ष को देखते ही परिजन उग्र हो गये और तमाम पदाधिकारियों की उपस्थिति में कार्यालय का ताला तोड़ कर अंदर घुस गये. परिजन बीसीजी के उस सैंपल को जब्त करने की मांग कर रहे थे. परिजनों को जैसे ही यह जानकारी मिली कि टीकाकरण कक्ष से बीसीजी के सभी वॉयल कर्मियों द्वारा गायब कर दी गयी है. इसके बाद परिजन और उत्तेजित हो गये और तोड़फोड़ करने लगे. इधर स्थिति की भयावता को देखते हुए अस्पताल परिसर स्थित अन्य विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी भी अपना-अपना कार्यालय बंद कर बाहर निकल गये. लगभग दो घंटों तक अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
क्या है मामला : सराय थाना क्षेत्र के मीरपुर पताढ़ गांव निवासी मनीष राय अपनी पत्नी काजल देवी के साथ अपने दो माह के पुत्र लक्ष्य राज को सदर अस्पताल में बीसीजी का टीका दिलाने के लिए पहुंचे थे. टीका केंद्र में कार्यरत एक एएनएम द्वारा बच्चे को टीका दी गयी. टीका दिये जाने के कुछ ही देर बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी. बच्चे का शरीर शिथिल पड़ने लगा. नवजात शिशु की अचानक तबियत खराब होते देख टीका कक्ष के स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे प्राइवेट नर्सिंग होम में ले जाने की सलाह दी. जैसे ही बच्चे को लेकर परिजन सदर अस्पताल कैंपस के बाहर निकले ही थे कि उसकी मौत हो गयी. बीसीजी के टीका पड़ने से नवजात शिशु की सूचना मिलते ही आनन-फानन में टीकाकरण केन्द्र में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारी कार्यालय में ताला लगाकर वहां से भाग निकले.
ड्यूटी पर तैनात तीनों एएनएम पर प्राथमिकी दर्ज
सदर अस्पताल में बुधवार को बीसीजी का टीका दिये जाने के कुछ ही देर बाद दो माह के बच्चे की मौत के मामले में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी. सराय थाना क्षेत्र के मीरपुर प्रताढ़ गांव निवासी व मृतक के पिता मनीष राय के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में टीकाकरण कक्ष में बुधवार को ड्यूटी पर तैनात तीनों एएनएम को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. प्राथमिकी में टीका देने में लापरवाही बरतने और बच्चे की तबियत खराब होने पर समुचित इलाज कराने में उदासीनता बरतने का आरोप लगाया गया है.
