जाम की समस्या से परेशान हैं शहरवासी

पहले मैं, पहले मैं के चक्कर में अक्सर लग जाता है जाम हाजीपुर : नगर की जनता इन दिनों शहर के कई स्थानों पर लगने वालेजाम से परेशान हैं. 40 डिग्री तापमान और जाम में फंसे लोग. छोटा शहर, लेकिन जनसंख्या के दबाव को झेलने में त्राहिमाम कर रहा है. वाहनों की बढ़ती संख्या भी […]

पहले मैं, पहले मैं के चक्कर में अक्सर लग जाता है जाम

हाजीपुर : नगर की जनता इन दिनों शहर के कई स्थानों पर लगने वालेजाम से परेशान हैं. 40 डिग्री तापमान और जाम में फंसे लोग. छोटा शहर, लेकिन जनसंख्या के दबाव को झेलने में त्राहिमाम कर रहा है. वाहनों की बढ़ती संख्या भी जाम की समस्या को गहरा रही है. उस पर तुर्रा यह कि मैं आगे, तो मैं आगे की प्रवृत्ति इसे और गंभीर बना रही है. वर्ष, 1972 में जिला बनने के बाद शहर का विकास काफी तेजी से हुआ, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता से सुविधाएं नहीं बढ़ीं.
सड़कों की चौड़ाई नहीं बढ़ी. इसके बाद एक समस्या और आयी. लोगों ने सड़क को ही सब कुछ मान लिया. दुकानदार हो या फुटपाथ, दुकान लगानेवाले सभी सीधे सड़क पर ही आ गये. दुकान 10 फुट की रही लेकिन सामने की पांच फुट का इलाका उनका है, यह उन्होंने मान लिया. राजेंद्र चौक से गुदरी रोड जाने में मात्र दो मिनट का समय लगना चाहिए, लेकिन बाइक से भी जाने में लोगों को आंधे घंटे का सफर करना पड़ता है. एक नजारा देखिए जाम का कि कैसे वह लगता है.
दिन के दो बज रहे हैं. सूर्य अपनी पूरी तपिश दे रही है. गांधी चौक से राजेंद्र चौक एक कार जा रही है. इस मार्ग पर पैदल चलनेवालों की संख्या भी काफी है. इससे कार चालक उसे काफी सावधानी से लेकर आगे बढ़ रहा है. अचानक एक स्थान पर उसकी चाल और धीमी होती है, तभी पीछे से एक बाइक सवार लहराता हुआ आगे निकलने का प्रयास करता है, लेकिन सामने एक रिक्शा चालक आ रहा है. रिक्शाचालक अपने स्थान पर खड़ा हो जाता है.
बाइक कार और रिक्शे के बीच फंस जाती है. देखते-ही-देखते जाम लग जाता है. कोई रुकने को तैयार नहीं है. सभी परेशान हो उठते हैं. यातायात आरक्षी इस मार्ग पर हैं नहीं, जो इसे दुरुस्त करें. किसी प्रकार एक घंटे में जाम समाप्त होता है. जाम का एक मुख्य कारण यह भी है कि किसी भी व्यापारिक प्रतिष्ठान ने वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं की है.
क्या कहते हैं व्यापारी
राजेंद्र चौक से गुदरी रोड पर लग रहे ठेलों के अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या गहरा जा रही है. इससे व्यापारी वर्ग की व्यवसाय ठप हो जाता है.
आनंद कुमार
लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से व्यवसाय ठप हो रहा है. लोग आ नहीं पा रहे हैं. वे खुले स्थानों पर स्थित दुकानों पर ही जा रहे हैं. इसके कारण कभी शहर का हृदय स्थल माने जाने वाले स्थान में व्यवसाय ठप है.
प्रदीप कुमार
शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है. पुरानी दुकानें होने के कारण पहले दुकान मालिकों ने इसकी व्यवस्था नहीं की. इससे परेशानी हो रही है.
राजेश कुमार
जल्द मिलेगी निजात
जाम की समस्या का जल्द निजात दिलाया जायेगा. शहर के दुकानदारों से अपील है कि वे दुकान के बाहर अपने दुकान के सामान को न रखें. इसके साथ ही पार्किंग की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जायेगा.
राकेश कुमार, एसपी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >