राजापाकर : उच्च विद्यालय, राजापाकर के परिसर में मंगलवार को प्रमुख-उपप्रमुख पद के लिए चुनाव हुआ. अनुमंडलाधिकारी महुआ के जंदाहा में चुनाव कराने के लिए चले जाने के कारण यहां तीन बजे से चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई. एसडीओ तौकीर आलम की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ. चुनाव के दौरान सबसे पहले पंचायत समिति सदस्यों की बैठक हुई. उसके बाद सभी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी गयी.
इसके बाद चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई. राजापाकर उत्तरी के पंचायत समिति सदस्य ममता कुमारी प्रमुख निर्वाचित घोषित की गयीं. वहीं, राजापाकर दक्षिणी पंचायत की पंचायत समिति सदस्य ललिता देवी उपप्रमुख चुनी गयीं. प्रमुख पद के लिए ममता कुमारी और अवधेश कुमार शर्मा मैदान में थे. इसमें कुल 19 मत में ममता कुमारी को 9 वोट एवं अवधेश कुमार शर्मा को 8 वोट मिला और दो वोट रद्द किये गये. इस प्रकार ममता कुमारी विजयी घोषित की गयीं.
वहीं उपप्रमुख के पद पर पंसस ललिता देवी और नागेंद्र प्रसाद सिंह ने नामांकन दाखिल किया. इसमें ललिता देवी को 11 एवं नागेंद्र प्रसाद सिंह को 8 मत मिले. इस प्रकार ललिता देवी उपप्रमुख के लिए चुनी गयीं. शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए थानाध्यक्ष अरविंद कुमार अपने सैप जवानों के साथ मुस्तैदी से डटे हुए थे.
