पैसे निकालते समय रहें सावधान

गोरखधंधा. बैंक परिसर व एटीएम के इर्द-गिर्द चक्कर काटते रहते हैं उचक्के बैंक या एटीएम से पैसे के निकासी करनेवाले लोग उचक्कों के निशाने पर बने रहते हैं. जिले में पिछले 20 दिनों के अंदर अपराधियों ने आधा दर्जन ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है. कई मामलों में अपराधी रुपये उड़ाते मौके पर पकड़े गये. […]

गोरखधंधा. बैंक परिसर व एटीएम के इर्द-गिर्द चक्कर काटते रहते हैं उचक्के

बैंक या एटीएम से पैसे के निकासी करनेवाले लोग उचक्कों के निशाने पर बने रहते हैं. जिले में पिछले 20 दिनों के अंदर अपराधियों ने आधा दर्जन ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है. कई मामलों में अपराधी रुपये उड़ाते मौके पर पकड़े गये. बैंकों के प्रवेश द्वार और एटीएम मशीन के आस पास अपराधी और उचक्के मंडराते रहते हैं. यहीं से वे ग्राहकों पर नजर बनाये रखते हैं.
हाजीपुर : यदि आप बैंक से या एटीएम से पैसे निकाल रहे हैं, तो सावधान! आप पर बदमाशों की नजर है, इसे ध्यान में रखें. बैंक से रुपये निकाल कर घर लौटने के दौरान हो रही लूट और छिनतई की घटनाओं को नजरअंदाज न करें. थोड़ी-सी असावधानी आपके लिए महंगी पड़ सकती है. जिले में आये दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. इससे पता चलता है कि बैंक की शाखा या एटीएम से पैसे की निकासी करनेवाले लोग अपराधियों के निशाने पर बने रहते हैं.
जिले में पिछले 20 दिनों के अंदर बदमाशों ने इस प्रकार की आधा दर्जन घटनाओं को अंजाम दिया. कई मामलों में अपराधी मौके पर पकड़े भी गये. बीते 14 जून को लालगंज के स्टेट बैंक परिसर से पुलिस ने 315 बोर की दो गोलियों के साथ दो बदमाशों को पकड़ा था. 23 जून को महुआ स्थित स्टेट बैंक से 50 हजार रुपये निकाल कर घर लौट रहे हरपुर गांव निवासी गौरी शंकर महतो की बाइक की डिक्की से अपराधियों ने पैसे निकाल लिये थे. इसी तरह 24 जून को गोरौल स्थित स्टेट बैंक से 35 हजार रुपये निकाल कर निकले शिकारी टोले के एक व्यक्ति की बाइक की डिक्की से उचक्कों ने पैसे निकाल लिये.
थोड़ी-सी असावधानी पड़ सकती है महंगी
अपरिचित चेहरों से रहें सावधान
जानकारों का मानना है कि बैंकों के प्रवेश द्वार और इसके इर्द-गिर्द अपराधियों और उचक्कों की सक्रियता रहती है. यहीं से बदमाश बैंक ग्राहकों पर नजर रखते हैं. और रुपये निकाल कर लौट रहे लोगों के पीछे लग जाते है. इसलिए जरूरी है कि बैंक से रुपये निकालते वक्त लोग यह ध्यान रखें कि उन पर किसी अपरिचित व्यक्ति की निगाह तो नहीं है. बैंक से बाहर निकलने के बाद भी रास्ते में सतर्क रहने की जरूरत है कि कहीं कोई पीछा तो नहीं कर रहा.
नगर क्षेत्र में एसबीआइ के 10, बैंक ऑफ बड़ौदा के दो, एचडीएफसी बैंक के चार, इलाहाबाद बैंक के चार, पीएनबी के तीन, बैंक ऑफ इंडिया के दो, आइडीबीआइ के तीन, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के दो, आइसीआइसीआइ के तीन, केनरा बैंक के दो, सिंडिकेट बैंक के एक, एक्सिस बैंक के पांच, ओबीसी के दो और यूको बैंक के दो एटीएम बूथ स्थापित हैं. इनमें कई बैंकों की एटीएम में गार्ड भी नहीं हैं. शहर के मसजिद चौक, नखास चौक, कटरा रोड, जढुआ आदि स्थानों पर बने एटीएम केंद्र बिना गार्ड के ही संचालित हो रहे हैं. इसी तरह शहर के अंजानपीर चौक, पासवान चौक, अनवरपुर चौक पर लगे एटीएम की सुरक्षा भी राम भरोसे ही हैं. नगर, सदर, औद्योगिक क्षेत्र एवं गंगाब्रिज थाना क्षेत्र में लगभग 45 एटीएम मशीने हैं. इनमें अधिकतर की सुरक्षा व्यवस्था लुंजपुंज है. जिले के कई थाना क्षेत्रों में एटीएम का लॉक काट कर रुपये लूटे जाने की अनेक घटनाएं हो चुकी हैं. इसके बावजूद एटीएम केंद्रों की सुरक्षा को लेकर न बैंक प्रबंधन गंभीर है, न पुलिस प्रशासन का ध्यान है.
जिले में हुईं हाल-फिलहाल की घटनाएं
देसरी थाने के गाजीपुर में शिव प्रसाद सिंह नामक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदल कर एक उचक्कों ने 40 हजार रुपये निकाल लिये.
बिदुपुर थाने के चकसिकंदर बाजार में केनरा बैंक के एटीएम सेंटर से एक युवक का कार्ड बदल कर रुपये निकाल रहे उचक्के को स्थानीय लोगों ने पकड़ा.
लालगंज बाजार के स्टेट बैंक परिसर से लुटेरा गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा. बदमाश बैंक में रुपये निकाल रहे एक व्यक्ति के पीछे पड़े थे.
नगर थाना क्षेत्र में जढुआ पुल के नीचे तेरसिया के बालू गिट्टी व्यवसायी अमर राय की स्कूटी की डिक्की से उचक्कों ने एक लाख 35 हजार रुपये उड़ा लिये. व्यवसायी बैंक से रुपये निकाल कर लौटने के दौरान जढुआ पुल के नीचे स्कूटी खड़ी कर आम खरीद रहे थे.
महुआ में स्टेट बैंक से 50 हजार रुपये निकाल कर वापस लौट रहे हरपुर गांव निवासी गौरीशंकर महतो की बाइक की डिक्की से अपराधियों ने रुपये निकाल लिये.
गोरौल में स्टेट बैंक से 35 हजार रुपये निकाल कर घर जा रहे शिकारीटोले के एक व्यक्ति की बाइक की डिक्की से पैसा निकालते एक अपराधी को स्थानीय लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >