एक-दो मामले में ही पुलिस लूट में शामिल गिरोह तक पहुंची
कुछ कैश बरामदगी और कुछ को पकड़ने में ही मिली सफलता
बढ़ती लूट की घटनाओं से लोगों में दहशत
चार महीने के दौरान हुई कुछ महत्वपूर्ण लूटकांडों में अपराधियों ने 50 लाख से अधिक के कैश की लूट कर ली. लेकिन महत्वपूर्ण लूट की घटनाओं में अब तक पुलिस को कोई बड़ी कामयाबी नहीं मिल सकी. लूटे गये रुपये की बरामदगी और गिरोह को पकड़ने में पुलिस को अब तक नाकामी ही हाथ आयी है.
हाजीपुर : वैशाली पुलिस चाहे जितनी भी दावे कर ले, लेकिन उन्हें महत्वपूर्ण लूट की घटनाओं में कोई बड़ी कामयाबी नहीं मिल रही है. जिले में पिछले चार महीने के दौरान हुई कुछ महत्वपूर्ण लूटकांडों में अपराधियों ने 50 लाख से अधिक के कैश की लूट की. हालांकि एक-दो मामले में पुलिस लूट में शामिल अपराधियों और उसके गिरोह को पकड़ने में सफल रही. लेकिन पिछले चार महीनों के दौरान लूट की घटनाओं पर नजर डाली जाये, तो यह नाकाफी ही लगता है.
आपराधिक गिरोह तक पहुंचने में विफल रही पुलिस : पुलिस की सफलता पर नजर डालें, तो सदर थाना क्षेत्र के दौलतपुर स्थित एक्सिस बैंक और वैशाली थाने के एक पंचायत सचिव से लूटी गये कैश के मामले में पुलिस को सफलता मिली है. दोनों लूटकांडों में कुछ कैश की बरामदगी और कई को पकड़ पाने में पुलिस सफल रही. लेकिन अन्य किसी भी घटना में पुलिस को अब तक कोई भी सफलता हाथ नहीं लग सकी. किसी भी घटना में कोई बड़ी मछली भी पकड़ में नहीं आ सकी. शहर में तेजी से हो रही लूट की घटनाओं से व्यवसायी वर्ग काफी चिंतित है.
क्या कहते हैं अधिकारी
लूट के मामलों में पुलिस अपना काम कर रही है. सभी मामलों की गहन स्तर पर छानबीन की जा रही है. कई मामलों में अपराधियों तक पहुंचने में कामयाबी मिली है. जल्द-से-जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
राकेश कुमार, एसपी, वैशाली
