आदित्य हत्याकांड के मुख्य आरोपित रॉकी यादव को आज रिमांड पर लेगी पुलिस
गया. जेल में बंद आदित्य सचदेवा हत्याकांड के मुख्य आरोपित रॉकी यादव को शुक्रवार की सुबह रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ शुरू करेगी. इसके लिए अदालत ने पुलिस को 48 घंटे का समय दिया है.
पूछताछ के बाद रॉकी को वापस सेंट्रल जेल भेज देने का भी निर्देश दिया गया है. इसकी तैयारी की जा रही है. सीमित समय में रॉकी से पूछताछ के लिए सवाल तैयार किये जा रहे हैं. गुरुवार की शाम एसएसपी ने बताया कि कुछ कारणों के चलते रॉकी को गुरुवार की शाम सेंट्रल जेल से बाहर नहीं निकाला जा सका.
मनोरमा की तलाश में छापे
घर में शराब रखने व हत्यारोपित बेटे रॉकी यादव को संरक्षण देने के मामले में आरोपित एमएलसी मनोरमा देवी को पकड़ने के लिए पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है. इसके लिए पुलिस ने गुरुवार को मोहनपुर थाना क्षेत्र स्थित बिंदी यादव के गांव गणेशचक व मनोरमा देवी के मायके बाराचट्टी थाना क्षेत्र के काहुदाग व अन्य ठिकानों पर छापेमारी की.
