लालगंज : एक बेलगाम ट्रक के चालक ने एक दूसरे ट्रक में पीछे से जाेरदार ठोकर मार दी, जिससे उसके परखचे उड़ गये. हाजीपुर-वैशाली मुख्य मार्ग पर बेदौली गांव में हुई इस दुर्घटना में ठोकर मारनेवाले ट्रक में सवार चालक सहित दो व्यक्ति घायल हो गये. प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक आम लदा ट्रक, जो पश्चिम बंगाल से बेतिया जा रहा था, के चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए आगे जा रहे एक ट्रक में जोरदार ठोकर मार दी.
इससे आम लदे ट्रक का चालक समस्तीपुर जिला निवासी मो गुलाब और आम की महिला व्यापारी बेतिया निवासी राधिका देवी घायल हो गये. घटना के बाद जुटे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को ट्रक से निकाल कर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में दाखिल कराया. घटना की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद जिस ट्रक में ठोकर लगी थी, उसे छोड़ दिया और आम लदे ट्रक को जब्त कर लिया.
