मतदान केंद्रों के लिए कूच कर गये मतदानकर्मी
पुलिस रख रही पैनी नजर
पातेपुर : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के लिए प्रचार का शोर शुक्रवार की शाम थम गया. प्रथम चरण में जिले के केवल एक प्रखंड पातेपुर में चुनाव होना है. रविवार 24 अप्रैल को होनेवाले मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी हो गयी है. मतदान के लिए नियुक्त मतदानकर्मी प्रखंड कार्यालय पहुंच कर मतदान सामग्री प्राप्त की और मतदान केंद्रों के लिए कूच कर गये. प्रचार को शोर थमने के बावजूद प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान में जुटे रहे.
स्थानीय थाने की पुलिस सैप जवानों के साथ गांव-गांव का दौरा कर अशांति, अफवाह फैलाने वालों की पहचान करने एवं मतदान पूर्व बूथ की सुरक्षा में कोई चूक न हो इसको लेकर पैनी नजर रखी हुई है. प्रशासनिक सूत्र बताते हैं कि चुनाव के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की प्रलोभन या किसी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए दबाव बनाने या धमकी देनेवालों की खैर नहीं होगी, ऐसा करते पकड़े जानेवालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. धनबल और बाहुबल के भरोसे चुनाव की नैया को पार करने वाले प्रत्याशियों पर भी कड़ी नजर रखी गयी है. विभिन्न पदों के लिए चुनाव चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी अब काफिले में न चल कर सभी अपने-अपने हिसाब से सेटिंग-गेटिंग करने और लोगों से अकेले मिलने की दौर में देखे गये हैं.
बिना अनुमति के पंचायतों में निकल रहा बाइक जुलूस : महुआ नगर. महुआ में आदर्श आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं. पंचायत चुनाव के लिए विभिन्न पदों के प्रत्याशी लगातार बिना परमिशन के जुलूस निकाल रहे हैं. जी हां, महुआ की कई पंचायतों में विभिन्न पदों के प्रत्याशी कई दर्जन दोपहिया वाहनों के साथ जुलूस निकाल रहे हैं, जो सरासर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है.
इस संबंध में पूछे जाने पर निर्वाची पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने कहा कि सिर्फ अभ्यर्थी को चुनाव प्रचार के लिए अनुमति दी गयी है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच में आचार संहिता का उल्लंघन पाये जाने पर आवश्यक कानूनी कार्यवाई की जायेगी. उन्होंने चुनाव से संबंधित कुछ बिंदुओं पर स्पष्ट गाइडलाइन नहीं होने की वजह से संतोषजनक जबाब नहीं दे पाये लेकिन आदर्श आचार संहिता एवं निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया के लिए हर कदम उठाने की बात कही.
सुबह-शाम प्रत्याशियों की दस्तक से परेशानी : महनार. महनार प्रखंड में पंचायत पंचायत चुनाव को लेकर चल रहे प्रचार से मतदाताओं की परेशानी भी बढ़ने लगी है.
मतदाताओं को सोने, खाने एवं अन्य कार्यों में भी प्रत्याशियों की भारी संख्या में प्रचार करने से कठिनाई हो रही है. वहीं गोरीगामा पंचायत की मतदाता प्रत्याशी की संख्या कम रहने से राहत की सांस ले रहे हैं. यहां मुखिया पद से चुनाव लड़ रहीं संगीता सिंह मतदाताओं की परेशानी का ख्याल रख कर सुबह-शाम अपना चुनाव चिह्न ईंट छाप का प्रचार कर वोट मांग रही हैं.
चौथे चरण के चुनाव में पूरी ताकत झोंक रहे प्रत्याशी : महुआ सदर. प्रखंड के चौथे चरण के निर्वाचन के लिए त्रिस्तरीय पंचायत प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार के लिए अपनी सारी ताकतें झोंक दी हैं.
विनोद कुमार राय, रसुलपुर, रामबालक शर्मा, स्मिता कुमारी और रूबी कुमारी मतदाताओं से मत रूपी आशीर्वाद मांग रही हैं. फतहपुर पकड़ी पंचायत में युवा मुखिया प्रत्याशी गमगम मिश्रा परची लेकर चुनाव प्रचार अभियान में अपनी सारी ऊर्जा लगा रहे हैं. हसनपुर ओस्ती पंचायत में मुखिया प्रत्याशी रेखा चौधरी भी चुनाव प्रचार करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं. प्रत्याशी पौ फटते ही अपने समर्थकों के साथ अपने-अपने चुनाव चिह्न की परची लेकर मतदाताओं को पंचायत के संपूर्ण विकास के वादों के साथ उनका कीमती मत मांग रहे हैं.
जिला पर्षद की प्रत्याशी चला रहीं अभियान : लालगंज. वैशाली प्रखंड में होनेवाले छठे चरण के मतदान के लिए जिला पर्षद क्षेत्र 2 की प्रत्याशी अनिता सिंह ने अपने समर्थकों के साथ मझौली पंचायत का सघन दौरा कर जनसंपर्क चलाया. इस दौरान आशा देवी, हेमा देवी, नागेश्वर सिंह, टुन्ना पासवान, लाल बाबू सिंह आदि समर्थक उनके साथ थे.
डीलर उम्मीदवार खूब बांट रहे राशन-केरोसिन : नगवां. पंचायत चुनाव में अभी वैसी पंचायतों के वोटर अभी अपनी क्षतिपूर्ति की भरपाई कर रहे हैं, जिनकी पंचायतों से डीलर मुखिया प्रत्याशी के रूप में हैं.
जो डीलर दो-चार महीने पर राशन-केरोसिन का वितरण करते थे. वे मुखिया प्रत्याशी की दौड़ में आते ही पंचायत के उपभोक्ताओं को मनमानी राशन-केरोसिन देने लगे हैं और यह सिलसिला चुनाव की घोषणा के बाद से ही जारी है. वहीं दूसरी ओर वोटर उपभोक्ता भी इनको खेल-खेलाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं और समय से लाभ खूब उठा रहे हैं.
