िनर्णय. औद्योगिक क्षेत्र के बदले अब गंगा सेतु के पाया नंबर एक के निकट होगी सभा
हाजीपुर : अपनी कच्चे फसल को काट कर प्रधानमंत्री के भाषण के लिए मंच बनाये जाने का विरोध कर रहे किसानों के आगे झुकते हुए जिला प्रशासन ने सभा स्थल को बदलने की घोषणा की है. जिला प्रशासन द्वारा मुआवजा देने के आश्वासन के बाद भी किसान इस बात पर अड़े रहे कि वे अपनी जमीन सभा के लिए नहीं देंगे.
किसानों का कहना है कि विधानसभा चुनाव के समय भी पीएम की सभा के लिए फसल का मुआवजा देने की बात कह जिला प्रशासन ने फसल को नष्ट कर दिया था लेकिन मुआवजा नहीं मिला.
किसानों के अड़ जाने के बाद जिला पदाधिकारी रचना पाटील और पुलिस अधीक्षक वैशाली राकेश कुमार ने अन्य विकल्प की तलाश में गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के तेरसिया गांव स्थित पाया नंबर एक के निकट स्थान चिह्नित किया, जहां किसानों ने बगैर मुआवजा के जमीन देने पर सहमति व्यक्त की. विदित हो कि पहले जिला प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र में नाइपर के निकट सभा होने की घोषणा की थी और किसानों ने फसल नष्ट कर अपनी जमीन देने से इनकार कर दिया था. जिला पदाधिकारी ने बगैर मुआवजा देने के किसानों की सहमति पर धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे जिले की प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी. मौके पर सांसद नित्यानंद राय, विधायक अवधेश कुमार, एसडीओ रवींद्र कुमार आदि उपस्थित थे.
अंतिम क्षण तक विरोध पर डटे रहे किसान
फसल नष्ट कर पीएम की सभा के लिए मंच बनाये जाने की सूचना मिलते ही किसान विरोध पर उतारू हो गये थे और तब तक डटे रहे जब तक जिला प्रशासन ने सभास्थल बदलने की घोषणा न कर दी. किसानों के इस विरोध का कुछ लोगों ने स्वागत किया है, जबकि कुछ इसके विरुद्ध हैं.
किसानों का समर्थन करनेवालों का मानना है कि यदि आवश्यक नहीं हो तो किसानों की गाढी पसीने की कमाई उनकी हरी-भरी फसल को नष्ट नहीं किया जाना चाहिए. एक साल के अंदर पीएम की सभा के लिए किसान दो बार अपनी फसल क्यों नष्ट करें. इसके पूर्व पीएम की चुनावी सभा के लिए किसानों ने अपनी फसल कुर्बान की थी और इस बार रेलवे के परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए सभा आयोजित है.
यदि प्रधानमंत्री और प्रशासन चाहे तो वह शिलान्यास पटना से भी हो सकता है, जहां पूर्व से उनका कार्यक्रम निर्धारित है. जिन परियोजनाओं का शिलान्यास या उद्घाटन होने हैं, उनमें से कोई परियोजना हाजीपुर में नहीं है तो फिर हाजीपुर में आयोजित इस सभा के लिए किसानों की फसल नष्ट करना कहीं से भी न्यायसंगत नहीं लगता. किसानों के रुख के विरोधियों का आरोप है कि यह सब विपक्षी दलों की चाल है. हालांकि जिला प्रशासन द्वारा सभा स्थल बदलने की सूचना पर हर्ष प्रकट करते हुए किसानों ने कहा कि यह जिला प्रशासन की संवेदनशीलता है कि उसने किसानों के विरोध पर सकारात्मक कार्रवाई की.
हाजीपुर : पीएम की 12 मार्च की प्रस्तावित सभा के लिए सभा स्थल पर विपक्ष अड़चन पैदा कर रहा है. पीएम की सभा की तैयारियों का राजग नेताओं के साथ जायजा लेने आये भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने स्थानीय परिसदन में संवाददाताओं से बात करते हुए यह बाों कहीं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने वादे के अनुरूप बिहार के विकास के लिए काम कर रहे हैं और उनकी यह यात्रा उसी कड़ी में है. संवाददाताओं से बात करते हुए हम के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री वृषिण पटेल ने कहा कि विपक्ष ओछी हरकत पर उतर आया है. सभा स्थल पर भी अड़ंगा लगा रहा है. प्रधानमंत्री की सभा तेरसिया में गांधी सेतु के पाया नंबर एक के निकट होगी. मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार, पूर्व विधायक महेंद्र बैठा, रालोसपा नेता नागेश्वर राय आदि उपस्थित थे.
