हाजीपुर : केंद्रीय बजट में सोने-चांदी के जेवर पर एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगाये जाने के विरोध में अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के स्वर्णकारों ने बुधवार से तीन दिनों की हड़ताल शुरू कर दी. संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णा सोनी के नेतृत्व में दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर धरना दिया. धरना-प्रदर्शन में विजय कुमार, बच्चा बाबू साह, कन्हैया, रंजन, विनोद, मनीष, पप्पू, पंकज, सरोज आदि ने हिस्सा लिया.
महुआ सदर संवाददाता के अनुसार महुआ बाजार के स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखी. बताया कि यह अभियान लगातार तीन दिनों तक चलेगा. महुआ बाजार के स्वर्ण व्यवसायियों ने स्मार पत्र माननीय राष्ट्रपति महोदय को भेजकर आभूषणों को कर मुक्त कराये जाने की गुहार लगायी है. पटेढ़ी बेलसर संवाददाता के अनुसार: प्रखंड क्षेत्र के स्वर्ण दुकानदारों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया. प्रखंड स्वर्णकार संघ के बच्चा बाबू साह ने बताया कि अधिकतर गहने अब मशीन द्वारा बनाये जाते है.
स्वर्ण कारीगर मुश्किल से जीवन यापन कर रहे हैं. उस पर भी सरकार ने कारीगरों को रसीद देना अनिवार्य कर अन्याय कर रही है. पातेपुर संवाददाता के अनुसार एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने के विरोध में पातेपुर स्वर्णकार संघ ने भी बाजार की सभी दुकान बंद रखीं. स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष अमर किशोर प्रसाद, सचिव राकेश कुमार, मुकेश कुमार के नेतृत्व में मनीष कुमार, मिथिलेश साह, विपीन राम प्रवेश गुप्ता, राकेश कुमार, संतोष राम चंद्र राय आदि ने भी अपनी दुकानें बंद रखीं. भगवानपुर/सराय संवाददाता के अनुसार तीन दिवसीय दुकान बंदी घोषणा के तहत बुधवार को सराय बाजार की दुकानें बंद रहीं.
केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज डि्यूटी लगाये जाने का विरोध करते हुए सभी दुकानदारों ने तीन दिवसीय बंदी का एलान किया है. सराय बाजार के अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ, सराय के अध्यक्ष शकर प्रसाद, सचिव कुणाल कुमार गुप्ता, मिथिलेश कुमार, भीमराज गुप्त, राम प्रवेश साह, शंकर साह, प्रभु साह, चंदन कुमार, मनोहर कुमार महेश्वर गुप्ता सहित सभी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान को बंद रखा. राजापाकर संवाददाता के अनुसार : प्रखंड के सभी स्वर्ण व्यवसायियों की बैठक राजापाकर बाजार स्थित एक परिसर में हुई.
इस दौरान राजेश कुमार सोनी, उमेश कुमार, शिव शंकर कुमार, सुधीर कुमार, सुरेंद्र कुमार, हरिमोहन कुमार, पिंटू कुमार आदि दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर सरकार पर रोष व्यक्त किया. चेहराकला संवाददाता के अनुसार : प्रखंड क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद कर सरकार द्वारा कर में की गयी बढ़ोतरी का विरोध किया. प्रखंड क्षेत्र के चेहराकलां, छौराही, कटहरा, सेहान, सुमेरगंज समेत विभिन्न हिस्सों में स्थित स्वर्ण दुकानें बंद रहीं.
