महुआ : प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डगरू डीह के सैकड़ों बच्चों ने शनिवार की सुबह विद्यालय खुलते ही छात्रवृत्ति राशि का वितरण नहीं किये जाने पर रोष जताते हुए महुआ-ताजपुर मार्ग को कुशहर चौक के समीप जाम कर दिया. इस बीच बच्चों ने विद्यालय प्रधान के प्रति नारेबाजी भी की.
बच्चों के इस हंगामे के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गयीं. जानकारी के अनुसार विद्यालय के नामांकित बच्चे रोशन, राहुल, शाजदा, आफरीन, मुस्कान, जुली, कोमल, राजा, विक्की व दीपक के साथ अन्य ने विद्यालय खुलने के बाद विद्यालय प्रधान से छात्रवृत्ति राशि देने की मांग की. इस पर विद्यालय प्रधान ने राशि देने से इनकार कर दिया, जिससे बच्चे आक्रोशित हो गये तथा सैकड़ों की संख्या में कुशहर चौक पर सड़क जाम कर दिया. बच्चों ने आरोप लगाया कि 2014-15 एवं 2016 की छात्रवृत्ति की राशि का वितरण नहीं कर कुछ लोगों के मिलीभगत से बंदरबांट कर कर लिया गया है.
सड़क जाम कर हंगामा कर रहे बच्चों के सहयोग में आसपास के लोग भी शरीक हाे गये. मामले की सूचना पर पहुंची महुआ पुलिस को भी बच्चों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने मामले की जांच कराने की बातें कह बच्चों को शांत कराया और उन्हें विद्यालय में ले गये, तब जाकर तीन घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ.
