पुस्तक मेले का तीसरा िदन
इंडोर स्टेडियम में चल रहा है आठ दिवसीय तृतीय पुस्तक मेला
हाजीपुर : स्थानीय बसावन सिंह इंडोर स्टेडियम में आयोजित आठ दिवसीय तृतीय पुस्तक मेले के तीसरे दिन पुस्तक प्रेमियों की भारी भीड़ देखी गयी. युवा पुस्तक प्रेमियों में विभिन्न राष्ट्रीय नेताओं की जीवनी लोकप्रिय हो रही है और अधिकतर युवा पाठकों की हाथों में विभिन्न दलों के नेताओं की जीवनी थी. वहीं तीसरे दिन मेले के मुख्य पंडाल में आंबेडकर और हमारा समाज विषयक गोष्ठी का आयोजन किया गया.
लाइब्रेरी के अध्यक्ष जीवनाथ सिंह की अध्यक्षता और संस्थापक कुमार वीरभूषण के संचालन में गोष्ठी का विषय प्रवेश कराते हुए लाइब्रेरी के प्रबंध निदेशक ज्ञानेश गौतम ने अांबेडकर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की. वक्ताओं ने उनकी महानता से अवगत होते हुए आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदानों को रखा. लोजपा के प्रदेश सचिव रणविजय चौरसिया ने कहा कि आंबेडकर के अधूरे कार्यो को पूरा करना, समाज में व्याप्त ऊंच-नीच की भावना और असमानता का समूल नाश ही उनको श्रद्धांजलि होगी. भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कुमार सौरभ ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के सात दशक बाद भी हम समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्य धारा में शामिल करने में विफल रहे हैं. इस दिशा में सामूहिक प्रयास किया जाना चाहिए. कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मुकेश रंजन ने कहा कि डाॅ भीमराव का आधुनिक भारत का निर्माण में अप्रतिम योगदान है. इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है. गोष्ठी में अधिवक्ता हरिशंकर सिन्हा, साहित्यकार उमाशंकर उपेक्षित, रंगकर्मी संजय दास आदि ने अपने विचार प्रकट किये.
