निर्धारित समय सीमा समाप्त सड़क निर्माण अब भी अधूरा
हाजीपुर : दो दशक से राहगीरों को रुला रही शहर की एक महत्वपूर्ण सड़क दो महीने बाद चकाचक दिखेगी. हाजीपुर-महनार रोड में नगर के नखास चौक से चौहट्टा तक सड़क निर्माण का कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण लोगों को अभी और परेशानियां उठानी पड़ेंगी. इस मार्ग पर अभी नाले का निर्माण हो […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
हाजीपुर : दो दशक से राहगीरों को रुला रही शहर की एक महत्वपूर्ण सड़क दो महीने बाद चकाचक दिखेगी. हाजीपुर-महनार रोड में नगर के नखास चौक से चौहट्टा तक सड़क निर्माण का कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण लोगों को अभी और परेशानियां उठानी पड़ेंगी. इस मार्ग पर अभी नाले का निर्माण हो रहा है.
इसके बाद सड़क बनेगी. लगभग पांच महीनों से इस सड़क पर आवागमन बंद रहने के कारण लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क के दोनों किनारे नाले बनाये जा रहे हैं, इसके चलते पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है. महीनों से ये दुश्वारियां झेलते हुए लोगों को इस बात का संतोष है कि यह सड़क बन तो रही है.
निर्माण कार्य मार्च तक होगा पूरा : पर्थ निर्माण विभाग के द्वारा बनायी जा रही इस सड़क के जीर्णोद्वार का लोगों को वर्षों से इंतजार था. नखास चौक से चौहट्टा तक तकरीबन डेढ़ किलोमीटर जर्जर सड़क के निर्माण पर दो करोड़ 90 लाख रुपये खर्च होंगे. पांच अगस्त, 2015 को हुए एग्रीमेंट के तहत निर्माण कार्य गया की एक निर्माण एजेंसी को सौंपा गया. करार के अनुसार सड़क निर्माण का कार्य चार फरवरी को ही पूरा करना था.
यह तारीख बीतने तक नाला निर्माण का काम भी पूरा नहीं हो पाया. चौहट्टा से लेकर मसजिद चौक तक ही नाले का निर्माण हो पाया है. मसजिद चौक से नखास चौक के बीच अभी नाले का काम शुरू ही हुआ है. विभाग के सचिव ने मार्च महीने तक इस योजना को पूरी करने का निर्देश दिया है. विभागीय सचिव के निर्देश के बाद इधर काम में तेजी लायी गयी है.
बिजली के पोल व ट्रांसफॉर्मर बन रहे बाधक : सड़क के किनारे बनाये गये नालों पर जगह-जगह बिजली के पोल और ट्रांसफॉर्मर बाधक बन रहे हैं. ये पोल खतरे की घंटी भी बजा रहे हैं. सड़क किनारे पैदल गुजरने वाले हजारों लोगों को पोल के दायें-बायें सट कर निकलना पड़ता है.
नालों की कनेक्टिविटी में ये रुकावट बन रहे हैं. कटरा रोड में स्थित ट्रांसफॉर्मर के कारण सड़क और नाले के निर्माण में बाधा है. लोगों का कहना है कि बिजली पोल और ट्रांसफॉर्मर हटाये बिना ही जैसे-तैसे नाले का काम निबटा दिया गया है. हालांकि इस बारे में विभाग के कार्यपालक अभियंता ने पूछे जाने पर बताया कि इसके लिए जिलाधिकारी ने विद्युत कार्यपालक अभियंता से बात की है. विभाग की ओर से भी कहा गया है. विद्युत विभाग द्वारा उन्हें हटा लेने की बात कही गयी है.
सड़कों से घर नीचे हो जाने से लोगों में है नाराजगी : चौहट्टा से लेकर नखास चौक के बीच सड़क की दोनों तरफ ऐसे सैकड़ों घर हैं, जो सड़क और नाले से काफी नीचे हो गये हैं. यह समस्या कटरा मोहल्ले में सबसे ज्यादा है. लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में उनका क्या होगा. बरसात की बात तो दूर सामान्य दिनों में भी उनके घर का पानी नाले में कैसे जायेगा, जब दरवाजे से नाले की ऊंचाई दो फुट होगी.
कई लोगों ने सड़क की ऊंचाई का विरोध करते हुए पटना उच्च न्यायालय के पूर्व के फैसले का हवाला दिया है. कार्यपालक अभियंता ने सड़क ऊंची होने की शंकाओं को निराधार बताते हुए कहा कि सड़क के निर्माण में हाइ कोर्ट के आदेश को ध्यान में रख कर ही काम किया जा रहा है. सड़क बनने के बाद यदि ऊंची भी होगी तो महज दो-तीन इंच से ज्यादा नहीं. बहरहाल, लगभग 20 सालों से दुर्दशा झेल रही नगर की इस महत्वपूर्ण सड़क का बनना हजारों नगरवासियों के लिए सुकून की बात है ही, जिले के बिदुपुर, चेचर, चकौसन आदि से लेकर महनार तक के लोगों के सुखदायी है, जो हर रोज इस मार्ग से गुजरने की पीड़ा झेलते आ रहे हैं.
क्या कहते हैं अधिकारी
सड़क निर्माण का कार्य मार्च महीने तक पूरा कर लिया जायेगा. सड़क और नाले के बीच जहां भी पोल या ट्रांसफॉर्मर व्यवधान बने हैं, उन्हें हटाया जायेगा. विद्युत विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि वे इस पर जल्द कार्रवाई करेंगे. सड़क निर्माण में हाइकोर्ट के दिशा-निर्देशों का ध्यान रखा जा रहा है.
इ कुमुद कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता, वैशाली पथ प्रमंडल