हाजीपुर : अपराध नियंत्रण के लिए वैशाली पुलिस द्वारा चलाये जा रहे अभियान को तब एक बड़ी सफलता मिली, जब बेलसर ओपी पुलिस ने 50 किलो गांजे के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया. यह जानकारी पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दी. मंगलवार की सुबह पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बेलसर बाजार में दो बाइकों पर सवार कुछ अपराधी गांजा बेचने जा रहे हैं.
तब पुलिस ने बेलसर बाजार में छापेमारी कर दो बाइकों पर सवार चार लोगों को संदिग्ध हालत में गिरफ्तार कर लिया. बेलसर ओपी प्रभारी धर्मवीर भारती के नेतृत्व में गठित छापामार दल ने गिरफ्तारी के बाद चारों की तलाशी ली, तब उनके पास से विभिन्न बैंकों के सात एटीएम कार्ड, बोरे में 50 किलो गांजा, जो दोनों बाइक पर लदा था, बरामद किया.
गिरफ्तार अपराधियों में सदर थाना क्षेत्र के शुभई गांव निवासी रामजी सिंह का पुत्र संजीव कुमार उर्फ मिंटु, दौलतपुर गांव निवासी जगेश्वर चौधरी का पुत्र दया कुमार, चुल्हाई राय का पुत्र संजीत कुमार और गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के मंगुराही गांव निवासी वृजनंदन राय का पुत्र सुरेश राय शामिल है. पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि इस मामले में इन चारों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 के अंतर्गत बेलसर ओपी कांड संख्या- 33/16 अंकित किया गया है.
