हाजीपुर : वरिष्ठ जदयू नेता विनोद कुमार राय को जदयू का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है. कई वर्षों तक लोजपा का जिलाध्यक्ष रहे सदर प्रखंड के दिग्घी कला पूर्वी उर्फ घुड़दौड़ पोखर निवासी श्री राय ने गत लोकसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आस्था जताते हुए जदयू का दामन थामा था. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने श्री राय को जिलाध्यक्ष मनोनीत करते हुए उन्हें जिला कमेटी का गठन करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया.
श्री राय के जिलाध्यक्ष मनोनीत किये जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने हर्ष प्रकट करते हुए उन्हें बधाई दी है और प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया है. बधाई देनेवालों में पूर्व जिलाध्यक्ष शंभुनाथ राय, अजय कुमार यादव, शिवचंद्र राय, विनोद राय, मो शहराज, मंगल राय, विनोद राय, अमोद राय, अरविंद कुमार रामबृक्ष राय, प्रदेश जद यू श्रमिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष जीवनाथ सिंह, उपाध्यक्ष राज कुमार शर्मा आदि शामिल हैं.
