हाजीपुर : अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन की जिला इकाई ने महिलाओं के सवाल पर जिलास्तरीय कन्वेंशन का आयोजन किया. शहर के रामचौड़ा में आयोजित कन्वेंशन में ऐपवा ने राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाया. महिला नेत्रियों ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्ण शराबबंदी की बात करते थे. सरकार बनने पर उनकी भाषा बदल गयी.
वक्ताओं ने कहा कि शराबबंदी के नाम पर आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स बढ़ा कर आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ाया जा रहा है. पंचायत चुनाव लड़ने के लिए घर में शौचालय की अनिवार्यता पर सवाल उठाते हुए ऐपवा ने इस पर विरोध प्रकट किया. कहा कि यह शर्त जोड़ने के पहले नीतीश कुमार को प्रत्येक घर में शौचालय निर्माण का दायित्व पूरा करना चाहिए. कार्यक्रम में शहर के हेलाबाजार स्थित फर्स्ट फ्लाइट कोचिंग इंस्टीट्यूट के संचालक द्वारा छात्रा से छेड़खानी मामले पर आक्रोश प्रकट किया गया.
