हाजीपुर : उपउपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नगर के बागमली में हुई घटना पर दु:ख प्रकट करते हुए राजद कार्यकर्ताओं को शांति और सौहार्द के लिए काम करने को कहा. पटना से दरभंगा जाने के दौरान उपमुख्यमंत्री का हाजीपुर में राजद कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया. बड़ी संख्या में कार्यकर्ता फूल मालाओं के साथ सड़क के किनारे खड़े थे. पटना हाजीपुर मार्ग पर जढुआ के निकट रिलायंस पेट्रॉल पंप एवं गांधी सेतु के पाया नंबर एक के पास कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी का स्वागत किया.
कार्यकर्ताओं से मुखातिब उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार न्यायालय का सम्मान करती है. कोर्ट के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण ढंग से उचित कार्रवाई की जा रही है. बागमली की घटना पर अफसोस जताते हुए उन्होंने कहा कि कुछ तथाकथित लोग हमारी सरकार और पार्टी को बदनाम करना चाह रहे हैं. उन सब पर पैनी नजर रखी जा रही है.
कानून अपना काम करेगा और उपद्रव व अराजकता फैलाने वाले लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी. पाया नंबर एक के निकट स्वागत करने वालों में युवा राजद के जिलाध्यक्ष संजय पटेल, चंदन यादव, अजय यादव, जीतेंद्र यादव, मो. हारून, शमीद अंसारी, मो हसनैन आदि शामिल थे. रिलायंस पेट्रॉल पंप के निकट राजद प्रदेश महासचिव विजय कुमार यादव, जावेद अंसारी, एसएम रूखसार, अरविंद कुमार आदि उपस्थित थे.
