वैकल्पिक चिकित्सा की व्यवस्था नहीं
महनार : दस दिनों से डॉक्टरों की हड़ताल से महनार सीएचसी सहित पूरे प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने से महनार के आम लोगों में जिला प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों में बढ़ रही आक्रोश का ही नतीजा है कि दो दिन पूर्व सीएचसी पर नागरिक संघर्ष मोर्चा ने धरना-प्रदर्शन किया. वहीं शुक्रवार को छात्रों ने आधे घंटे तक सीएचसी पर मानव शृंखला बनाकर जिला प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए शीघ्र सीएचसी सहित सभी अतिरिक्त व उप स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने की मांग की. वहीं नागरिक संघर्ष मोर्चे के सदस्यों के द्वारा रविवार तक स्वास्थ्य सेवा शुरू नहीं किये जाने पर पुनः आंदोलन करने की घोषणा भी की जा चुकी है.
इस प्रकरण में जिला प्रशासन ने अबतक कोई वैकल्पिक चिकित्सा की व्यवस्था नहीं की, इस कारण लाचार गरीबों को काफी परेशानी हो रही है. प्रसूति महिलाओं की जान अब भगवान भरोसे है. लोगों के बीच चर्चा है कि जिला प्रशासन शीघ्र कोई कदम नहीं उठाती है और किसी दिन किसी हादसे से लोगों की जानें गयी, तो परिणाम अच्छे नहीं आयेंगे,
इसलिए भविष्य में घटने वाली अनहोनी को समय रहते जिला प्रशासन रोके, तो यह आमलोगों के हित में हितकारी होगा और जीवन रक्षक टीकाकरण भी समय से नहीं मिलने पर मासूमों के जीवन पर बुरा प्रभाव डाल सकता है. मानव शृंखला का नेतृत्व समाजसेवी मो जाया कामरान ने की, जिसमें जुली, प्रीति, पूजा, चंचल, सुरुचि, निशा, शोभा, नेहा, सलोनी, मनीष, रौशन, अंशीत, हिमांशु, सत्यम, विक्रम, मुकुल, अंकित, आशीष, अजीत, मणिकांत, अनिकेत सहित दर्जनों छात्रों ने भाग लिया.
