महुआ : अनुमंडल सह नगर पंचायत बाजार होने के बावजूद भी महुआ में बिजली की किल्लत जारी है. जिससे भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानी हो रही है. आलम यह है कि कभी जर्जर तार टूट जाने तो कभी ब्रेक डाउन हो जाने के कारण बिजली गुल हो जा रही है. बिजली नहीं रहने के कारण पंखा, कूलर नहीं चलने से लोग गर्मी से व्याकुल हो जा रहे हैं.
बिजली के अभाव में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बंद पड़ा रहता है. इसकी सूचना विभाग को दिये जाने के बावजूद भी अधिकारी लोगों की अहम समस्या को दूर करने की दिशा में पहल नहीं कर रहे हैं. मालूम हो कि महुआ में एक टाउन फीडर अलावा तीन देहाती फीडर चांदसराय, सिंघाड़ा तथा पातेपुर शामिल है. कभी टाउन में तो कभी देहात फीडरों में बिजली गुल हो जाना आम बात हो गयी है.
जिससे व्यवसायी, गृहस्वामी के साथ-साथ अन्य लोग भी बिजली की किल्लत से काफी परेशान दिख रहे हैं. खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को कठिनाई हो रही है. जिनके अभिभावक आर्थिक रूप से संपन्न हैं, उनके बच्चे प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए पटना व अन्य शहरों में पलायन कर रहे हैं. बिजली की अनियमित आपूर्ति को लेकर महुआ के विद्युत उपभोक्ताओं में आक्रोश पनपने लगा है. स्थिति ऐसी हो गयी है कि लोगों का गुस्सा कभी भी आंदोलन का रूप ले सकता है.
क्या कहते हैं उपभोक्ता
पहले की अपेक्षा बिजली की आपूर्ति नहीं किये जाने से परेशानी हो रही है. आलम यह है कि बिजली की किल्लत से शाम होते ही क्षेत्र में अंधेरा पसर जा रहा है. लोग लालटेन युग में जीने को विवश हैं.
ब्रह्मदेव राय, गौसपुर चकमजाहिद
भीषण गर्मी में बिजली नहीं रहने के कारण पंखा, कूलर सब बंद हो जाता है. जिसके कारण गर्मी में काफी परेशानी हो रही है. शिकायत के बावजूद भी कोई सुनने को तैयार नहीं है.
खुशबू कुमारी, महुआ
क्षेत्र में बिजली गुल रहने की शिकायत किये जाने के बाद भी विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं. इस कारण उपभोक्ताओं में आक्रोश है, जो कभी भी आंदोलन कर सकते हैं.
रणविजय कुमार, यदुवंशीनगर
तीखी धूप व भीषण गर्मी के बावजूद भी नियमित बिजली नहीं दिये जाने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है. जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश है. खासकर प्रतियोगी परीक्षार्थियों को अपनी तैयारी करने काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. बिजली के अभाव के कारण प्रतियोगी बच्चे घर छोड़कर पटना व अन्य शहरों के लिए पलायन कर गये हैं.
शत्रुघ्न भारती, फुलवरिया
