लालगंज : रविवार की सुबह नारायणी नदी के बसंता जहानाबाद घाट पर नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से अताउल्लाहपुर निवासी अनिल शर्मा की डूबने से मौत हो गयी.
50 वर्षीय अनिल शर्मा स्व विश्वनाथ शर्मा का पुत्र था. जो प्रतिदिन की तरह सुबह नारायणी नदी में स्नान करने गया था. इसकी जानकारी मिलते ही लोग नाव लेकर खोज बीन करने लगे. प्रशासन को घटना की जानकारी होते ही स्थानीय बीडीओ श्रीनिवास, सीओ मुन्ना प्रसाद एवं लालगंज थाने के एएसआई एमपी मंडल सदल घटना स्थल पहुंचे. काफी खोजबीन के बाद दोपहर बाद एक बजे के करीब गोताखोरों ने शव को खोज निकाला. जिसे देखने के लिए नदी घाट पर हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी. तत्पश्चात पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना की जानकारी घर पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया. मृतक की पत्नी का रोते-रोते बुरा हाल था. घटना के बाद लालगंज के नगर अध्यक्ष नवीन कुमार जो उक्त वार्ड के वार्ड सदस्य भी हैं, मृतक के घर पहुंच कर परिजनों को ढाढ़स बंधाया तथा अंतिम संस्कार के लिए कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये प्रदान किये.
अनिल शर्मा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था, जिसकी मृत्यु के बाद उसकी पत्नी नीतू देवी, 18 वर्षीया पुत्री निधि कुमारी,13 वर्षीय शिखा ,10 वर्षीय खुशी कुमारी,आठ वर्षीय लक्ष्मी कुमारी तथा छह वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार व तीन वर्षीय बिट्टू कुमार अनाथ हो गये हैं.
