पातेपुर : बरडीहा गांव के समीप महुआ-ताजपुर मुख्य मार्ग पर ट्रक से कुचल जाने से एक 69 वर्षीय वृद्ध की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी. गुरुवार के दस बजे के आसपास हादसा हुआ. जानकारी के अनुसार तिसिऔता थाना क्षेत्र के हुसेनीपुर गांव के जदू महतो साइकिल से 50 लीटर वाले ड्रम में ताड़ी लेकर आ रहे थे. उसी दिशा से बालू लदा बीआर ओजे 8027 नंबर का एक ट्रक तेज रफ्तार में आ रहा था. चालक के संतुलन खो देने से जदू महतो की साइकिल को रौंदते हुए ट्रक भागने लगा.
लेकिन स्थानीय लोगों व ग्रामीणों के सहयोग से ट्रक को पकड़ लिया गया. घटना की खबर मिलते ही पातेपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घटना की जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया.पुलिस ने ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया. वहीं मृतक के घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल था. जदू महतो ताड़ी बेच कर अपने दो लड़कों व चार लड़कियों का लालन-पालन करते थे.
